☰
×

सनातन धर्म को पाखंड से न जोड़ें, स्वामी रामदेव ने बागेश्वर बाबा की टिप्पणियों पर जताया गहरा दुख

 

हरिद्वार, 24 नवंबर (आईएएनएस)। योग गुरु स्वामी रामदेव ने मंगलवार को हरिद्वार में प्रेस वार्ता को संबोधित किया। उन्होंने सनातन के सत्य और शाश्वत सिद्धांतों की प्रतिष्ठापना के लिए अपनी बात रखी। इस दौरान उन्होंने बागेश्वर धाम पीठाधीश्वर धीरेंद्र शास्त्री की टिप्पणियों और सनातन धर्म के शाश्वत सिद्धांतों पर बात की।

स्वामी रामदेव ने कहा, "पिछले दो दिनों से काफी हंगामा चल रहा है। इसी बीच, सोमवार को मैंने अपने अनुज बागेश्वर बाबा से बात की। मैंने उनसे कहा कि हमें बहुत दुख हुआ है। देवी-देवताओं, ईश्वर और हमारे अवतारों के बारे में जिस तरह की टिप्पणियां की जा रही हैं और देवी-देवताओं की तुलना में हमारे अवतारों का जो अनादर या अपमान किया जा रहा है, उससे हमें बहुत ठेस पहुंची है। क्योंकि यह हमारी सनातन परंपरा नहीं है।

उन्होंने कहा, "भगवान को हम कई नामों से जानते हैं। उनमें आपस में कोई भेद नहीं है। भगवान के नाम पर भेद और जाति, धर्म, समुदाय के नाम पर भेद समाज को तोड़ रहा है।"

स्वामी रामदेव ने कहा कि हमारे मन में एक और बहुत गंभीर सवाल बार-बार उठ रहा था कि सनातन धर्म को किसी पाखंड या अंधविश्वास से नहीं जोड़ा जाना चाहिए, क्योंकि सनातन धर्म एक दिव्य विधान है। यह सार्वभौमिक, वैज्ञानिक, कालातीत, सबके लिए कल्याणकारी और सत्य है।

उन्होंने कहा, "सनातन धर्म वैज्ञानिक है, सार्वभौमिक है और इसके मूल्य बहुत उच्च हैं। सनातन धर्म में 'धर्म' की क्या परिभाषा दी गई है? सनातन धर्म सभी के कल्याण के लिए है। सनातन धर्म में कोई चमत्कार नहीं होता। ईश्वर स्वयं ही एक चमत्कार हैं। यहां न तो कोई चमत्कार है, न ही किसी तरह का अंधविश्वास या अंधश्रद्धा है। सनातन धर्म में तो आस्था का सर्वोच्च शिखर है।"

स्वामी रामदेव ने कहा कि सनातन धर्म, जो दुनिया में सबसे महान है और भारतवर्ष, जो कभी अखंड भारत था, कितना महान था, वह आज टुकड़ों में कैसे बंट गया, ऐसा क्यों हुआ, यह हमें नहीं पता।उन्होंने कहा, "हमारा शौर्य, हमारी वीरता और हमारा पराक्रम कहीं कम हो गया; हमारे भीतर एक तरह की सुस्ती आ गई... हम उन्हीं वीर पुरुषों, वीर महिलाओं और ऋषियों-ऋषिकाओं की संतान हैं; हम ईश्वर की संतान हैं; हम भगवान-भगवती के ही अंश और उनकी ही वंश-परंपरा हैं।"

स्वामी रामदेव ने जोर देकर कहा कि सनातन धर्म को भेदभाव और विवाद से ऊपर उठकर देखा जाना चाहिए। भगवान के अलग-अलग रूपों में भेद करना सनातन परंपरा के खिलाफ है। सभी देवी-देवता और अवतार एक ही परम तत्व के प्रतीक हैं।

उन्होंने कहा कि आज जरूरत है कि सनातन धर्म के सत्य, वैज्ञानिक और सार्वभौमिक स्वरूप को दुनिया के सामने रखा जाए। धर्म के नाम पर समाज को बांटने की बजाय उसे जोड़ने का काम करना चाहिए।

प्रेस वार्ता में स्वामी रामदेव ने कहा कि सनातन धर्म अंधविश्वास नहीं, बल्कि आस्था, विज्ञान और मानव कल्याण का मार्ग है। उन्होंने सभी धर्मगुरुओं और अनुयायियों से अपील की कि वे ऐसी टिप्पणियों से बचें, जिससे किसी की आस्था को ठेस पहुंचे।

--आईएएनएस

एससीएच/वीसी