☰
×

संविधान की रक्षा के संकल्प के साथ रांची में कांग्रेस ने निकाला मार्च

 

रांची, 26 नवंबर (आईएएनएस)। संविधान दिवस पर झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने गुरुवार को राजधानी रांची में संविधान रक्षा मार्च निकाला। राज्य के विभिन्न जिलों से पहुंचे हजारों कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने मार्च के जरिए संविधान, लोकतंत्र, नागरिक अधिकारों और सामाजिक न्याय के मूल्यों की रक्षा का संकल्प जताया।

संविधान रक्षा मार्च डोरंडा स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर और देश के प्रथम राष्ट्रपति डॉ. राजेंद्र प्रसाद की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण के साथ शुरू हुआ। पुराना हाई कोर्ट और हिनू चौक होते हुए मार्च बिरसा चौक पहुंचा, जहां सभा आयोजित की गई। मार्च में कांग्रेस के झारखंड प्रभारी के राजू, प्रदेश सहप्रभारी भूपेंद्र मरावी और अवनीश काजला तथा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश समेत पार्टी के कई नेता शामिल हुए।

के. राजू ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि संविधान केवल कानूनी दस्तावेज नहीं, बल्कि देश की आत्मा है। यह हर नागरिक को समानता, न्याय, स्वतंत्रता और सम्मान के साथ जीने का अधिकार देता है। संविधान में निहित मूल्यों और लोकतांत्रिक संस्थाओं की रक्षा करना सभी की जिम्मेदारी है। कांग्रेस संविधान और लोकतंत्र की रक्षा के लिए हमेशा संघर्ष करती रही है और आगे भी नागरिक अधिकारों तथा संवैधानिक संस्थाओं की मजबूती के लिए जनता के साथ खड़ी रहेगी।

उन्होंने कहा कि संविधान रक्षा मार्च के जरिए पार्टी ने स्पष्ट संदेश दिया है कि संविधान के मूल सिद्धांतों से किसी तरह का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। युवाओं और समाज के सभी वर्गों को संवैधानिक आदर्शों के प्रति जागरूक होना जरूरी है।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने कहा कि संविधान दिवस पर निकला मार्च संविधान, लोकतंत्र और नागरिक अधिकारों की रक्षा का जनसंकल्प है। बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर के संविधान ने देश के नागरिकों को समान अधिकार, सम्मान और न्याय का भरोसा दिया है। इसकी रक्षा करना कांग्रेस का सर्वोपरि दायित्व है।

उन्होंने कहा कि संवैधानिक मूल्यों, लोकतांत्रिक संस्थाओं की स्वतंत्रता और नागरिक अधिकारों को लेकर देश में सवाल उठ रहे हैं। ऐसे समय में कांग्रेस की जिम्मेदारी है कि वह जनता के बीच जाकर संविधान की रक्षा की आवाज बुलंद करे। संविधान की रक्षा, लोकतंत्र की मजबूती और सामाजिक न्याय के लिए पार्टी का संघर्ष जारी रहेगा।

मार्च में आलमगीर आलम, बन्ना गुप्ता, धीरज प्रसाद साहू, डॉ. इरफान अंसारी, सांसद कालीचरण मुंडा, विधायक निशात आलम, प्रदीप बलमुचू, अंबा प्रसाद, बंधु तिर्की, शहजादा अनवर, सुबोधकांत सहाय, रमा खलखो, रविंद्र सिंह, संजय लाल पासवान सहित कई नेता, पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए।

--आईएएनएस

एसएनसी/डीकेपी