×

सम्राट चौधरी को ज्योतिरादित्य सिंधिया समेत तमाम नेताओं ने दी बधाई, मुंगेर में जश्न का माहौल

 

पटना, 14 अप्रैल (आईएएनएस)। बिहार की राजनीति में बड़ा बदलाव आया है। नीतीश कुमार मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे चुके हैं, और उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को विधायक दल का नेता चुना गया है। वह मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने वाले हैं। ऐसे में तमाम नेताओं की प्रतिक्रियाएं आ रही हैं।

केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि सम्राट चौधरी को विधायक दल का नेता चुने जाने पर बहुत-बहुत बधाई। बिहार में भी भाजपा का नया इतिहास होगा। मुझे पूरा विश्वास है।

एलजेपी (राम विलास) नेता मिथिलेश सिंह ने सम्राट चौधरी के विधायक दल का नेता चुने पर कहा कि हम लोग बहुत खुश हैं। मिठाई बांटी जा रही है। तारापुर विधानसभा में लोगों में उत्साह है। मुंगेर जिले से मुख्यमंत्री बनने वाले सम्राट चौधरी दूसरे नेता हैं। उन्होंने कहा कि सम्राट चौधरी विकास पुत्र हैं, अब और भी विकास होगा। सम्राट चौधरी के अंदर भेदभाव नहीं है। वह पूरे बिहार का विकास करेंगे।

उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री और निषाद पार्टी के अध्यक्ष संजय निषाद ने सम्राट चौधरी को बिहार का नया मुख्यमंत्री चुने जाने पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि हम लोग भी चाहते थे कि बिहार में बहार आए और एनडीए की सरकार आए। एनडीए की सरकार आ गई और अब सम्राट चौधरी सीएम बनने जा रहे हैं, बहुत-बहुत बधाई।

भाजपा सांसद मैथिली ठाकुर ने कहा कि सम्राट चौधरी को मैं बहुत बधाई देती हूं। आज एक बड़ा और ऐतिहासिक दिन है।

वहीं भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने बिहार के मुख्यमंत्री पद से नीतीश कुमार के इस्तीफे और सम्राट चौधरी को भाजपा विधायक दल का नेता चुने जाने पर कहा कि सम्राट चौधरी नीतीश कुमार द्वारा शुरू किए गए विकास कार्यों को आगे बढ़ाएंगे।

नितिन नवीन ने विश्वास जताया कि सम्राट चौधरी के नेतृत्व में बिहार तेजी से विकास की राह पर आगे बढ़ेगा। उन्होंने कहा कि यह बिहार के लिए बहुत खास है, और जिस तरह नीतीश कुमार ने पिछले 20 वर्षों में बिहार के विकास को कई आयाम दिए हैं, अब उन उपलब्धियों को एक नए स्तर तक ले जाने की जिम्मेदारी सम्राट चौधरी को सौंपी गई है।

--आईएएनएस

एएमटी/एमएस