समस्या ईवीएम मशीन में नहीं बल्कि कांग्रेस की सोच में है : रामेश्वर शर्मा
भोपाल, 30 अप्रैल (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश से भाजपा विधायक रामेश्वर शर्मा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और केंद्र की 'डबल इंजन' सरकार पर जनता के भरोसे को दोहराते हुए कांग्रेस पर कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कांग्रेस द्वारा लगाए जा रहे ईवीएम आरोपों को सिरे से खारिज किया।
रमेश्वर शर्मा ने आईएएनएस से कहा कि देशभर में प्रधानमंत्री मोदी की मेहनत और ईमानदारी की 'लहर' चल रही है। आज हर प्रदेश का नागरिक चाहता है कि केंद्र और राज्य दोनों जगह ऐसी सरकार हो, जो किसान, मजदूर, नौजवान, महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा, शिक्षा और विकास की जिम्मेदारी ईमानदारी से निभाए। लोग चाहते हैं कि डबल इंजन की सरकार बने, ताकि विकास की गति और तेज हो सके।
उन्होंने दावा किया कि पश्चिम बंगाल, ओडिशा सहित कई राज्यों के लोग भी अब केंद्र की तरह अपने राज्यों में भाजपा की सरकार चाहते हैं। रामेश्वर शर्मा ने कहा कि पीएम मोदी की सभाओं और रोड शो में उमड़ने वाली भीड़ इस विश्वास का सबसे बड़ा प्रमाण है। भीषण गर्मी में भी लाखों लोग सड़कों और मैदानों में घंटों इंतजार करते हैं। बच्चे, बुजुर्ग, और युवा सभी पीएम मोदी को सुनने के लिए उत्साहित रहते हैं।
उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की रणनीति और संगठन की कार्यशैली की भी सराहना की। रामेश्वर शर्मा ने कहा, "अमित शाह की चाणक्य नीति और भाजपा संगठन का मजबूत प्रबंधन घर-घर जाकर लोगों तक संदेश पहुंचाता है, जिसका नतीजा है कि हर तरफ 'कमल' खिल रहा है।"
कांग्रेस के ईवीएम पर सवाल उठाने पर पलटवार करते हुए उन्होंने कहा कि समस्या मशीन में नहीं बल्कि कांग्रेस की सोच में है। जो लोग लाखों की भीड़ नहीं देख पा रहे, जो घंटों इंतजार करती जनता का उत्साह नहीं समझ पा रहे, वही ईवीएम को दोष दे रहे हैं। असल में ईवीएम खराब नहीं है, कांग्रेस की नजर कमजोर हो गई है।
रामेश्वर शर्मा ने आगे कहा कि जब जनता खुद सड़कों पर उतरकर समर्थन दे रही है, तो यह साफ संकेत है कि वही जनता मतदान में भी अपना समर्थन देगी। उन्होंने कहा, "ईमानदारी से सेवा करने पर जनता दिल से आशीर्वाद देती है और यही आशीर्वाद मोदी जी को हर प्रदेश, हर शहर और हर जगह मिल रहा है।"
--आईएएनएस
वीकेयू/पीएम