समाजवादी पार्टी ने उठाए यूथ कांग्रेस के प्रदर्शन पर सवाल, मायावती ने कहा- देश की छवि को न बिगाड़ा जाए
लखनऊ, 21 फरवरी (आईएएनएस)। 'इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट' में प्रदर्शन के बाद यूथ कांग्रेस विवादों में घिर गई है। भाजपा के अलावा बहुजन समाज पार्टी (बसपा) और 'इंडिया' गठबंधन में कांग्रेस की सहयोगी समाजवादी पार्टी ने भी यूथ कांग्रेस के प्रदर्शन पर आपत्ति जताई है।
बहुजन समाज पार्टी (बसपा) सुप्रीमो मायावती ने दिल्ली में आयोजित 'इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट' में यूथ कांग्रेस के प्रदर्शन की निंदा की है। उन्होंने कहा कि समिट के दौरान किया गया आचरण चिंताजनक है। अपने देश की गरिमा व इमेज को ना बिगाड़ा जाए।
बसपा सुप्रीमो मायावती ने शनिवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर लिखा, "नई दिल्ली में आयोजित 'एआई इम्पैक्ट समिट', जिसमें देश व विदेश के भी काफी प्रमुख लोग आमंत्रित थे व यह इवेंट अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सुर्खियों में था। इस दौरान जिन भी लोगों की ओर से अर्धनग्न होकर अपना रोष प्रकट किया है, जिनमें अधिकतर कांग्रेसी युवा बताए जा रहे हैं, वह अति-अशोभनीय व निंदनीय है।"
मायावती ने आगे लिखा, "अगर यह सम्मेलन अंतरराष्ट्रीय स्तर का नहीं होता तो अलग बात थी, लेकिन समिट के दौरान ऐसा आचरण करना यह चिंता की बात है। अपने देश की गरिमा व इमेज को ना बिगाड़ा जाए तो यह उचित होगा।"
उत्तर प्रदेश में कांग्रेस की सहयोगी समाजवादी पार्टी के प्रवक्ता फखरुल हसन चांद ने कहा, "कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शायद प्रदर्शन के लिए गलत जगह चुनी। इसके बजाय कांग्रेस के कार्यकर्ता कहीं और जगह पर प्रदर्शन कर सकते थे, क्योंकि लोकतंत्र में प्रदर्शन करने पर कोई पाबंदी नहीं है।"
हालांकि, शर्टलेस प्रदर्शन पर उन्होंने कहा, "शर्ट उतारकर प्रदर्शन करने में कोई परेशानी नहीं है। उत्तर प्रदेश में शिक्षक भर्ती की मांग कर रहे युवा प्रदर्शन करने वाले भी कपड़े उतारकर प्रदर्शन कर रहे थे। उत्तर प्रदेश में तो महिलाओं ने अपने सिर भी मुंडवा लिए। महात्मा गांधी ने हमें लोकतंत्र में अपने तरीके से प्रदर्शन करना सिखाया।"
--आईएएनएस
डीसीएच/