समाजवादी पार्टी को अपना नाम नमाजवादी पार्टी रख लेना चाहिए : आचार्य प्रमोद कृष्णम
गाजियाबाद, 22 मई (आईएएनएस)। कल्कि धाम के पीठाधीश्वर आचार्य प्रमोद कृष्णम ने गाजियाबाद में विपक्ष पर तीखा हमला किया। उन्होंने यूनिवर्सिटी ड्रेस कोड का समर्थन किया और समाजवादी पार्टी और कांग्रेस जैसी पार्टियों की राजनीति के साथ ही बयानों की भी आलोचना की।
आचार्य प्रमोद कृष्णम ने मीडिया से बातचीत के दौरान यूनिवर्सिटी ड्रेस कोड के विरोध पर कहा कि समाजवादी पार्टी को अपना नाम नमाजवादी पार्टी रख लेनी चाहिए। यह ऐसी पार्टी है, जब-जब उनकी सरकार आई उत्तर प्रदेश को जातिवाद की आग में डालने और सनातन संस्कृति पर हमला करने का काम किया।
उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी के नेता बौखला गए हैं और बंगाल में ममता सरकार की हार और भाजपा के वहां आने के बाद से घबराए हुए हैं। उनको सपने में पीएम मोदी और सीएम योगी आदित्यनाथ दिखाई देते हैं। उत्तर प्रदेश में विश्वविद्यालय में छात्रों के ड्रेस कोड का स्वागत करना चाहिए। किसी संस्था की खास वेशभूषा उसके गौरव का प्रतीक है। मुझे लगता है कि पूर उत्तर प्रदेश के भीतर कोई भी व्यक्ति ऐसा नहीं कह सकता है कि उसके साथ अन्याय हो रहा है। हालांकि समाजवादी पार्टी के नेता जरूर ऐसा मानते हैं क्योंकि उन्हें लूटखसोट करने से वंचित किया गया है।
उन्होंने सपा पर तंज कसते हुए कहा कि पीएम मोदी और सीएम पर अपमानजनक टिप्पणी करना सेकुलरिज्म नहीं, बल्कि एक प्रकार का गुंडइज्म है। सेकुलरिज्म के नाम पर थोपा जाने वाला गुंडइज्म है। इसे देश की जनता कभी स्वीकार नहीं करेगी।
आचार्य प्रमोद कृष्णम ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के लंबे जीवन के लगाए गए नारे पर अपनी प्रतिक्रिया जाहिर की है। कृष्णम ने कहा कि राहुल गांधी को हजार साल की उम्र मिले ताकि कांग्रेस की बर्बादी होती रहे। कांग्रेस पार्टी की बर्बादी का केवल एक व्यक्ति राहुल गांधी जिम्मेदार हैं। कांग्रेस को अपने गुनाहों की सजा देने के लिए किसी और व्यक्ति की जरूरत नहीं है।
पीएम मोदी द्वारा इटली की प्रधानमंत्री मेलोनी को टॉफी देने पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी की टिप्पणी पर आचार्य प्रमोद कृष्णम ने तीखी प्रतिक्रिया जाहिर की। उन्होंने कहा कि मैं पीएम मोदी से अनुरोध करूंगा कि वह मेलोडी टॉफी का एक पैकेट राहुल गांधी को भेंट करें।
सोशल मीडिया पर उभरी कॉकरोच जनता पार्टी को लेकर भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने कहा है कि यह आम आदमी पार्टी (आप) की साजिश है, इस पार्टी को फंडिंग की जा रही है। इस पर आचार्य प्रमोद कृष्णम ने कहा कि भारत भावनाओं का देश है। देश की जनता भारत को तोड़ने वालों की साजिश बर्दाश्त नहीं कर सकती है। मेरा मानना है कि देश की जनता समझदार है।
--आईएएनएस
एएसएच/एबीएम