राहुल गांधी के फोन टैपिंग आरोपों पर सैम पित्रोदा का बड़ा बयान, बोले- मेरा फोन भी टैप हो रहा है, मुझे कोई परेशानी नहीं
कांग्रेस नेता राहुल गांधी की ओर से फोन टैपिंग के आरोप लगाए जाने के बाद अब इंडियन ओवरसीज कांग्रेस के अध्यक्ष सैम पित्रोदा ने भी इस मुद्दे पर अपनी बात रखी है। उन्होंने दावा किया कि उनका फोन भी टैप किया जा रहा है, हालांकि उन्हें इससे कोई परेशानी नहीं है। पित्रोदा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी खुद फोन टैपिंग नहीं करते, क्योंकि वे स्क्रूड्राइवर लेकर कंप्यूटर ठीक करने नहीं बैठते।
एक इंटरव्यू में सैम पित्रोदा ने कहा कि राहुल गांधी के साथ वास्तव में क्या हुआ, इसकी उन्हें जानकारी नहीं है। उन्हें यह भी नहीं पता कि फोन टैपिंग के पीछे कौन है। उन्होंने कहा, "मैं इसके साथ जी रहा हूं और मुझे इससे कोई परेशानी नहीं है।"
दरअसल, राहुल गांधी ने एक दिन पहले आरोप लगाया था कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उनका मोबाइल फोन टैप करवा रहे हैं। इसी बयान के बाद फोन टैपिंग का मुद्दा राजनीतिक चर्चा में आ गया है।
मोदी के साथ निजी रिश्ते अच्छे, लेकिन विचारधारा पर मतभेद
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ अपने व्यक्तिगत संबंधों को लेकर भी सैम पित्रोदा ने खुलकर बात की। उन्होंने कहा कि राजनीति और निजी रिश्तों को अलग-अलग नजरिए से देखना चाहिए। पित्रोदा के मुताबिक, मोदी उनके और उनकी पत्नी के प्रति हमेशा गर्मजोशी और अपनापन दिखाते रहे हैं।
उन्होंने कहा कि किसी व्यक्ति से राजनीतिक असहमति होने का मतलब यह नहीं है कि उसके साथ सामान्य व्यक्तिगत संबंध नहीं रखे जा सकते। आप किसी की बात से असहमत होते हुए भी उसके साथ बैठकर कॉफी पी सकते हैं।
पित्रोदा ने यह भी स्पष्ट किया कि प्रधानमंत्री के साथ उनके निजी संबंध अच्छे होने के बावजूद राजनीतिक और वैचारिक मतभेद कायम हैं। उन्होंने कहा कि भारत में धर्म को राजनीति से ऊपर नहीं रखना चाहिए। प्रधानमंत्री पूरे देश का प्रतिनिधित्व करते हैं, इसलिए उन्हें मंदिरों और पूजा-पाठ में अधिक समय देने के बजाय सभी नागरिकों के लिए समान रूप से काम करना चाहिए।
उन्होंने साफ किया कि दिवाली पर प्रधानमंत्री मोदी और उनके बीच शुभकामनाओं का आदान-प्रदान कांग्रेस और भाजपा के बीच संबंध सुधारने की कोई राजनीतिक पहल नहीं थी। यह दोनों नेताओं के बीच व्यक्तिगत बातचीत थी।
दिवाली पर मोदी ने कहा था- सैम भाई, आपको और अंजना बेन को शुभकामनाएं
12 नवंबर को दिवाली और गुजराती नववर्ष के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया के जरिए सैम पित्रोदा को शुभकामनाएं दी थीं। उन्होंने पित्रोदा को 'सैम भाई' कहकर संबोधित किया और उनकी पत्नी अंजना बेन के अच्छे स्वास्थ्य और खुशहाल जीवन की कामना की।
इसके जवाब में पित्रोदा ने प्रधानमंत्री को 'नरेंद्र भाई' कहकर धन्यवाद दिया और उनके अच्छे स्वास्थ्य की शुभकामनाएं दीं। दोनों के बीच हुए इस संवाद के बाद राजनीतिक गलियारों में इसकी काफी चर्चा हुई थी।
दो महीने पहले अल्पसंख्यकों को लेकर दिया था बयान
सैम पित्रोदा ने करीब दो महीने पहले ANI को दिए इंटरव्यू में भारत में अल्पसंख्यकों की स्थिति को लेकर भी टिप्पणी की थी। उन्होंने कहा था कि देश में मुस्लिम, ईसाई, बौद्ध और यहूदी समुदाय के लोगों से पूछा जाना चाहिए कि वे आज भारत में कैसा महसूस करते हैं।
उन्होंने कहा था कि केवल यह कहना पर्याप्त नहीं है कि सभी समुदायों का सम्मान किया जाता है। असली स्थिति लोगों के साथ होने वाले व्यवहार से पता चलती है। यदि कहने और करने में अंतर है तो यह चिंता का विषय है।
सैम पित्रोदा के तीन पुराने बयान, जिन पर हुआ था विवाद
1. फरवरी 2025: भारत में संपत्ति होने के आरोपों पर दिया जवाब
सैम पित्रोदा पर कर्नाटक के एक भाजपा नेता ने सरकारी जमीन पर कब्जे को लेकर आरोप लगाए थे। इसके जवाब में पित्रोदा ने कहा था कि भारत में उनके पास कोई जमीन, मकान या शेयर नहीं हैं। उन्होंने यह भी कहा था कि राजीव गांधी और मनमोहन सिंह की सरकार के दौरान उन्होंने कोई वेतन नहीं लिया था।
2. सितंबर 2024: राहुल गांधी को राजीव गांधी से ज्यादा समझदार बताया
4 सितंबर 2024 को पित्रोदा ने राहुल गांधी की तुलना उनके पिता और पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी से करते हुए कहा था कि राहुल उनसे ज्यादा समझदार हैं। उन्होंने राहुल को बौद्धिक रूप से मजबूत और बेहतर रणनीतिकार बताया था। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा था कि राजीव गांधी ज्यादा मेहनती थे और दोनों का DNA एक जैसा है।
3. मई 2024: भारतीयों की तुलना चीनी और अफ्रीकी लोगों से की
8 मई 2024 को सैम पित्रोदा के एक बयान पर बड़ा राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया था। उन्होंने भारत की विविधता का जिक्र करते हुए कहा था कि पूर्वी भारत के लोग चीनी और दक्षिण भारत के लोग अफ्रीकी जैसे दिखाई देते हैं। इस बयान के बाद भाजपा ने कांग्रेस पर निशाना साधा था।
विवाद बढ़ने के बाद पित्रोदा ने इंडियन ओवरसीज कांग्रेस के अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया था। कांग्रेस ने भी उनके बयान से दूरी बना ली थी। हालांकि, 26 जून 2024 को कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने उन्हें दोबारा इंडियन ओवरसीज कांग्रेस का अध्यक्ष नियुक्त कर दिया था।