सलमान खान की एक सलाह और पूरी तरह बदल गई कियारा आडवाणी की जिंदगी
मुंबई, 30 जुलाई (आईएएनएस)। कियारा आडवाणी आज बॉलीवुड की सबसे चर्चित और सफल अभिनेत्रियों में गिनी जाती हैं। उन्होंने अपनी सादगी और अभिनय के दम पर लाखों लोगों का दिल जीता। उनके इस स्टारडम के पीछे अभिनेता सलमान खान का खास योगदान रहा।
दरअसल, सलमान ने कियारा को सलाह दी थी कि अगर उन्हें इंडस्ट्री में अपनी अलग जगह बनानी है, तो उनकी पहचान भी सबसे अलग होनी चाहिए। इस सलाह के बाद एक्ट्रेस ने ऐसा कदम उठाया कि वह दुनियाभर में पहचानी जाने लगीं।
कियारा आडवाणी का जन्म 31 जुलाई 1991 को मुंबई में हुआ था। उनका असली नाम आलिया आडवाणी है। उनके पिता जगदीप आडवाणी एक बिजनेसमैन हैं, जबकि मां जेनेविव जाफरी टीचर हैं। कियारा ने मुंबई से स्कूली पढ़ाई पूरी की और फिर मास कम्युनिकेशन में ग्रेजुएशन किया। अभिनय में आने से पहले उन्होंने अपनी मां के प्री-स्कूल में छोटे बच्चों को पढ़ाया भी। वह बच्चों को कविताएं सुनाती थीं और उनकी देखभाल करती थीं। कियारा का कहना है कि इस अनुभव ने उन्हें जिम्मेदारी और धैर्य सिखाया।
जब कियारा फिल्मों में आने की तैयारी कर रही थीं, तब उनका नाम आलिया आडवाणी था। उस समय आलिया भट्ट बॉलीवुड में अपनी अलग पहचान बना चुकी थीं। ऐसे में सलमान खान ने उन्हें सलाह दी कि अगर वह इंडस्ट्री में अपनी अलग जगह बनाना चाहती हैं, तो उन्हें एक अलग नाम अपनाना चाहिए। कियारा ने कई इंटरव्यू में बताया कि सलमान खान की सलाह पर उन्होंने अपना नाम बदलकर कियारा रख लिया। यह नाम उन्हें प्रियंका चोपड़ा की फिल्म 'अंजाना अंजानी' के एक किरदार से पसंद आया था। बाद में यही नाम उनकी नई पहचान बन गया।
साल 2014 में कियारा ने फिल्म 'फगली' से बॉलीवुड में कदम रखा। यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर सफल नहीं रही। इंडस्ट्री में काम न मिलने पर वह काफी निराश हो गई। उन्हें लगा कि शायद उनका फिल्मी करियर आगे नहीं बढ़ पाएगा। लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी और लगातार मेहनत करती रहीं।
साल 2016 में उनकी किस्मत बदली। उन्हें 'एमएस धोनी: द अनटोल्ड स्टोरी' में साक्षी धोनी का किरदार निभाने का मौका मिला। यह फिल्म बड़ी हिट साबित हुई और कियारा को पूरे देश में पहचान मिल गई। इसके बाद उन्होंने तेलुगु फिल्म 'भारत अने नेनु' में महेश बाबू के साथ काम किया। यह फिल्म भी सुपरहिट रही और कियारा ने साउथ फिल्म इंडस्ट्री में भी अपनी मजबूत पहचान बना ली।
साल 2018 में नेटफ्लिक्स की 'लस्ट स्टोरीज' में उनका अलग अंदाज देखने को मिला। इसके बाद 2019 में रिलीज हुई 'कबीर सिंह' उनके करियर की सबसे बड़ी फिल्मों में शामिल हो गई। फिल्म में उन्होंने प्रीति का किरदार निभाया, जिसे दर्शकों ने खूब पसंद किया। इसी साल आई 'गुड न्यूज' भी बॉक्स ऑफिस पर सफल रही। इस फिल्म में अभिनय के लिए उन्हें आईफा अवॉर्ड में सर्वश्रेष्ठ सहायक अभिनेत्री का सम्मान मिला।
इसके बाद कियारा ने 'गिल्टी', 'लक्ष्मी', 'इंदू की जवानी', 'शेरशाह', 'भूल भुलैया 2', 'जुगजुग जियो', 'गोविंदा नाम मेरा', 'सत्यप्रेम की कथा', 'गेम चेंजर' और 'वॉर 2' जैसी फिल्मों में काम किया। 'शेरशाह' और 'सत्यप्रेम की कथा' में उनके अभिनय की काफी तारीफ हुई और इन फिल्मों के लिए उन्हें फिल्मफेयर अवॉर्ड में सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री की श्रेणी में नामांकन भी मिला।
कियारा को अब तक कई बड़े सम्मान मिल चुके हैं। उन्हें आईफा अवॉर्ड और जी सिने अवॉर्ड से सम्मानित किया जा चुका है। इसके अलावा, उन्हें दो बार फिल्मफेयर अवॉर्ड में सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री के लिए नामांकन मिला। आज वह भारत की सबसे ज्यादा फीस लेने वाली अभिनेत्रियों में गिनी जाती हैं और कई बड़े ब्रांडों की एंबेसडर भी हैं।
निजी जीवन की बात करें तो कियारा और अभिनेता सिद्धार्थ मल्होत्रा लंबे समय तक अपने रिश्ते को लेकर चर्चा में रहे। दोनों ने 7 फरवरी 2023 को राजस्थान के जैसलमेर में पारंपरिक हिंदू रीति-रिवाज से शादी की। दोनों अब एक बेटी के माता-पिता हैं। शादी के बाद भी कियारा लगातार फिल्मों में सक्रिय हैं।
--आईएएनएस
पीके/एबीएम