साकीनाका मेनहोल हादसे में बीएमसी ने असलम शेख के परिवार को दी 10 लाख की सहायता, मेयर का आभार
मुंबई, 8 सितंबर (आईएएनएस)। मुंबई के साकीनाका क्षेत्र में जुलाई में खैरानी रोड पर खुले मेनहोल में गिरने से असलम शेख की मौत हो गई थी। इस घटना के बाद बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) ने मृतक की पत्नी अंजुम शेख को 10 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की है। सहायता राशि मिलने के बाद अंजुम शेख ने मेयर रितु तावड़े और नगर निगम प्रशासन का आभार जताया है।
2 जुलाई 2026 को हुई इस दुर्घटना के बाद मेयर रितु तावड़े ने शेख परिवार से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी थी। परिवार की आर्थिक स्थिति को देखते हुए उन्होंने तत्काल 10 लाख रुपए की सहायता देने का आश्वासन दिया था।
मेयर के निर्देश के बाद नगर निगम के एल-डिविजन (कुर्ला) कार्यालय ने सहायता राशि जारी करने की प्रक्रिया शुरू की। इसके लिए अंजुम शेख के बैंक खाते से संबंधित जानकारी और उत्तराधिकार से जुड़े आवश्यक दस्तावेज पूरे किए गए। इसके बाद 10 लाख रुपए की सहायता राशि सीधे अंजुम शेख के बैंक खाते में जमा कर दी गई।
सहायता राशि प्राप्त होने के बाद अंजुम शेख ने नगर निगम को लिखित पावती सौंपते हुए मेयर रितु तावड़े और प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।
उन्होंने अपने पत्र में कहा कि परिवार के सामने आए बेहद मुश्किल हालात के बीच मेयर की ओर से किया गया सहायता का वादा पूरा किया गया। उन्होंने इस प्रक्रिया में मार्गदर्शन और सहयोग देने वाले सभी दलों के जनप्रतिनिधियों, पदाधिकारियों, मेयर और नगर निगम अधिकारियों का धन्यवाद किया।
मेयर रितु तावड़े ने कहा कि परिवार के कमाने वाले सदस्य को खोने का दुख बहुत बड़ा है, इसकी भरपाई कोई नहीं कर सकता लेकिन इस बेसहारा परिवार के साथ खड़े होना हमारा कर्तव्य था। अंजुम शेख के पत्र में व्यक्त भावनाएं नगर निगम प्रशासन को और अधिक संवेदनशीलता के साथ काम करने की प्रेरणा देती हैं। उन्होंने कहा कि जरूरत के समय प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराना प्रशासन की जिम्मेदारी है।
--आईएएनएस
डीकेएम/वीसी