×

सैन्य अधिकारियों से मुलाकात के बाद कांग्रेस सांसद राजीव शुक्ला बोले, सुरक्षा और विकास दोनों जरूरी

 

श्रीनगर, 23 जून (आईएएनएस)। कांग्रेस सांसद और संसद की स्थायी समिति के सदस्य राजीव शुक्ला ने जम्मू-कश्मीर की संसदीय अध्ययन यात्रा के उद्देश्य के बारे में बताया। मंगलवार को उन्होंने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि शीर्ष सैन्य अधिकारियों के साथ बातचीत करने का हमारा उद्देश्य रणनीतिक घटनाक्रमों का आकलन करना, चीन पर विशेष ध्यान देते हुए भारत के द्विपक्षीय संबंधों की समीक्षा करना और पूर्वी लद्दाख में वास्तविक नियंत्रण रेखा (एलएसी) पर स्थिति का जायजा लेना है।

कांग्रेस सांसद राजीव शुक्ला ने कहा कि आज हमारी सैन्य अधिकारियों के साथ बेहद ही सार्थक चर्चा हुई। इस दौरान हमने कई विषयों पर बातचीत की। हमने सैन्य जगत से जुड़े कई विषयों के बारे में जानने की कोशिश की और यह जानने का प्रयास किया कि कैसे हमारी सीमाओं की सुरक्षा की जा रही है। इसके अलावा हमने इस बात पर चर्चा की कि भविष्य को देखते हुए किस तरह के कदम उठाए जा रहे हैं। साथ ही हमने इस बात पर जोर दिया कि कैसे आम लोगों को विश्वास में लिया जाए।

इसके अलावा उन्होंने विकास को लेकर भी अपनी बात रखी। उनके मुताबिक, हमें हमेशा विकास पर ध्यान देना चाहिए, क्योंकि विकास के कदम हमेशा लोगों के हितों को ध्यान में रखते उठाए जाते हैं।

साथ ही, राजीव शुक्ला ने पश्चिम एशिया में चल रहे तनाव को लेकर भी अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि पश्चिम एशिया के तनाव का असर पूरी दुनिया पर पड़ रहा है। हमारा यही कहना है कि पश्चिम एशिया में चल रहे तनाव का समाधान जल्द से जल्द होना चाहिए, क्योंकि जितनी जल्द इस तनाव का समाधान हो जाएगा, उससे आम लोगों को उतना ही फायदा होगा।

उन्होंने कहा कि पश्चिम एशिया में चल रहे तनाव की वजह से ऊर्जा और तेल का संकट पैदा हो रहा है, जिससे आम लोगों को विभिन्न प्रकार की परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इसी को देखते हुए हमारा यही कहना है कि जल्द से जल्द पश्चिम एशिया में चल रहे तनाव का समाधान होना चाहिए।

वहीं, उन्होंने होर्मुज को लेकर भी अपनी बात रखी। उनके मुताबिक, होर्मुज खुलने से ही हमें फायदा पहुंचेगा। होर्मुज खुलने से हमारे पास 400-500 जहाज आया करते थे। इससे हमारे ऊर्जा की पूर्ति होती थी, लेकिन अभी बहुत ही कम आ पा रहे हैं। होर्मुज खुलने से ऊर्जा का संकट दूर होगा।

--आईएएनएस

एसएचके/वीसी