×

सेंट पीटर्सबर्ग में चीनी उपराष्ट्रपति हान चेंग की रूसी राष्ट्रपति से मुलाकात

 

बीजिंग, 6 जून (आईएएनएस)। चीनी उपराष्ट्रपति हान चेंग ने 5 जून को सेंट पीटर्सबर्ग में रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से मुलाकात की। दोनों पक्षों ने विभिन्न क्षेत्रों में आदान-प्रदान और सहयोग को मजबूत करने पर बल दिया।

मुलाकात में हान चेंग ने सर्वप्रथम चीनी राष्ट्रपति शी चिनफिंग की ओर से राष्ट्रपति पुतिन को हार्दिक शुभकामनाएं और बधाई दीं। उन्होंने कहा कि अस्थिर अंतरराष्ट्रीय परिस्थिति में चीन-रूस संबंधों की स्थिरता और मजबूती काफी हद तक राष्ट्रपति शी चिनफिंग और राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के नेतृत्व के कारण है।

हान चेंग ने कहा कि हाल ही में, दोनों राष्ट्राध्यक्षों ने पेइचिंग में सफलतापूर्वक मुलाकात की और द्विपक्षीय संबंधों तथा विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग पर नई और महत्वपूर्ण सहमति पर पहुंचे। चीन, रूस के साथ मिलकर दोनों राष्ट्राध्यक्षों द्वारा प्राप्त महत्वपूर्ण सहमति को लागू करने, राजनीतिक आपसी विश्वास को निरंतर मजबूत करने, व्यावहारिक सहयोग का विस्तार करने, अंतरराष्ट्रीय समन्वय को सुदृढ़ करने और चीन-रूस संबंधों के समकालीन महत्व को निरंतर समृद्ध करने के लिए तत्पर है।

इसके अलावा, हान चेंग ने यह भी कहा कि वैश्विक रणनीतिक स्थिरता बनाए रखने और वैश्विक शासन व्यवस्था में सुधार लाने में चीन और रूस दोनों ही महत्वपूर्ण रचनात्मक शक्तियां हैं। उच्च स्तरीय चीन-रूस संबंध न केवल दोनों देशों के विकास और पुनरुद्धार के लिए आवश्यक हैं, बल्कि विश्व शांति, स्थिरता और विकास को बढ़ावा देने की साझा जिम्मेदारी भी हैं। चीन अधिक न्यायपूर्ण और समान वैश्विक शासन व्यवस्था के निर्माण को बढ़ावा देने के लिए रूस के साथ समन्वय और सहयोग को मजबूत करने के लिए तत्पर है।

वहीं, मुलाकात में राष्ट्रपति पुतिन ने हान चेंग से राष्ट्रपति शी चिनफिंग को अपनी हार्दिक शुभकामनाएं प्रेषित करने का अनुरोध किया और 29वें सेंट पीटर्सबर्ग अंतर्राष्ट्रीय आर्थिक मंच में भाग लेने के लिए रूस में हान चेंग का स्वागत किया।

उन्होंने कहा कि रूस-चीन संबंध अभूतपूर्व उच्च स्तर पर हैं। कुछ दिनों पहले, उन्होंने चीन का सफल दौरा किया और राष्ट्रपति शी चिनफिंग के साथ कई विषयों पर गहन विचार-विमर्श किया, जिससे सहयोग की भविष्य की दिशा स्पष्ट हुई।

पुतिन का कहना है कि इस वर्ष, दोनों देश संयुक्त रूप से 'रूस-चीन सद्भावनापूर्ण पड़ोसी संबंध और मैत्रीपूर्ण सहयोग संधि' पर हस्ताक्षर की 25वीं वर्षगांठ मनाएंगे और 'रूस-चीन शिक्षा वर्ष' का शुभारंभ करेंगे। रूस, चीन के साथ मिलकर राजनीतिक आपसी विश्वास और सद्भावनापूर्ण मित्रता को मजबूत करना चाहता है, विभिन्न क्षेत्रों में आदान-प्रदान और सहयोग को बढ़ावा देना चाहता है, ताकि रूस-चीन संबंधों की दृढ़ता के माध्यम से विश्व शांति और विकास में स्थिरता लाई जा सके।

(साभार- चाइना मीडिया ग्रुप, पेइचिंग)

--आईएएनएस

एबीएम/