एसएआई में सीनियर ट्रांसलेटर ऑफिसर के पदों पर भर्ती शुरू, 27 मार्च तक आवेदन का अवसर
नई दिल्ली, 23 मार्च (आईएएनएस)। सरकारी नौकरी की तलाश में जुटे लोगों के लिए एक शानदार मौका सामने आया है। स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया (एसएआई) ने सीनियर ट्रांसलेटर ऑफिसर के कुल 3 पदों पर भर्ती के लिए आधिकारिक अधिसूचना जारी की है।
एसएआई की ओर से जारी पदों के लिए ऑफलाइन मोड में आवेदन प्रक्रिया शुरू हो गई है और अप्लाई करने की अंतिम तिथि 27 मार्च निर्धारित की गई है। ऐसे में जो योग्य और इच्छुक उम्मीदवार एप्लीकेशन फॉर्म भरने की सोच रहे हैं, उन्हें तय लास्ट डेट के शाम 5 बजे से पहले अपना रजिस्ट्रेशन फॉर्म जमा करने की सलाह दी जाती है।
आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास मान्यता प्राप्त संस्थान या यूनिवर्सिटी से संबंधित पद अनुसार मास्टर की डिग्री होनी चाहिए। इसी के साथ कैंडिडेट्स के पास अन्य निर्धारित पात्रता और तय वर्षों का अनुभव होना भी अनिवार्य है। वहीं, उम्मीदवारों की अधिकतम आयु 56 साल निर्धारित की गई है, जिसकी गणना 25 फरवरी के आधार पर की जाएगी।
योग्य अभ्यर्थियों का चयन मेरिट लिस्ट के आधार पर शॉर्टलिस्टिंग, इंटरव्यू और डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित उम्मीदवारों की सैलरी 44,900 से 1,42,400 रुपए के बीच प्रति महीने होगी।
आवेदन करने के लिए उम्मीदवार सबसे पहले स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं। होमपेज पर जाने के बाद संबंधित पद से जारी ऑफिशियल नोटिफिकेशन लिंक पर क्लिक करें। इसके बाद अधिसूचना में दिए गए आवेदन को डाउनलोड कर उसका प्रिंट आउट निकाल लें। फिर फॉर्म में मांगी गई सभी जानकारियों को दर्ज करें। मांगे गए सभी डॉक्यूमेंट्स को आवेदन के साथ अटैच करें। इसके बाद एप्लीकेशन को एक लिफाफे में डालकर 'कार्यालय निदेशक (मानव संसाधन प्रभाग -11), कमरा नंबर 210, भारतीय खेल प्राधिकरण, प्रधान कार्यालय, गेट नंबर 10 (पूर्वी गेट), जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम, लोधी रोड, नई दिल्ली- 110003' के पते पर भेज दें।
वहीं, संबंधित पद के भर्ती, योग्यता, आदि से जुड़ी ज्यादा जानकारी के लिए कैंडिडेट्स को एसएआई की आधिकारिक वेबसाइट पर जारी डिटेल्ड नोटिफिकेशन को चेक करने की सलाह दी जाती है।
--आईएएनएस
डीके/एबीएम