एसएआई में असिस्टेंट कोच के 323 पदों पर बंपर वैकेंसी, 21 अप्रैल तक आवेदन का अवसर
नई दिल्ली, 26 मार्च (आईएएनएस)। स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया (एसएआई) में शामिल होने की ख्वाहिश रखने वालों के लिए एक खास मौका सामने आया है। भारतीय खेल प्राधिकरण (एसएआई) ने असिस्टेंट कोच के विभिन्न 323 पदों पर बंपर भर्ती की आधिकारिक अधिसूचना जारी की है।
एसएआई की ओर से जारी पदों के लिए ऑनलाइन मोड में आवेदन प्रक्रिया 23 मार्च के सुबह 10 बजे से शुरू हो गई है और अप्लाई करने की अंतिम तिथि 21 अप्रैल निर्धारित की गई है। ऐसे में जो योग्य और इच्छुक उम्मीदवार एप्लीकेशन फॉर्म भरने की सोच रहे हैं, उन्हें आधिकारिक वेबसाइट पर जाने के बाद तय लास्ट डेट के शाम 5 बजे से पहले अपना रजिस्ट्रेशन फॉर्म जमा करने की सलाह दी जाती है।
एसएआई ने असिस्टेंट कोच के जिन 323 पदों पर वैकेंसी निकाली है, उनमें खो-खो के 2; सेपक टकरा के 3; हैंडबॉल, कबड्डी, जूडो और वुशु के 6-6; कैनोइंग के 7; टेनिस के 8; वॉलीबॉल और वेटलिफ्टिंग के 10-10; फेंसिंग, रोइंग और ताइक्वांडो के 11-11; फुटबॉल, साइकिलिंग, जिम्नास्टिक्स, बास्केटबॉल और तीरंदाजी के 12-12; फील्ड हॉकी के 13; टेबल टेनिस के 14; बैडमिंटन के 16; बॉक्सिंग के 19; कुश्ती के 22; तैराकी के 26 के अलावा एथलेटिक्स और शूटिंग के 28-28 पद शामिल हैं।
एप्लीकेशन फॉर्म भरने वाले अभ्यर्थियों के पास एसएआई एनएस-एनआईएस पटियाला या किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से कोचिंग में डिप्लोमा या इसके समकक्ष योग्यता होनी चाहिए। इसी के साथ कैंडिडेट्स के पास अन्य निर्धारित पात्रता का होना भी अनिवार्य है।
अभ्यर्थियों की अधिकतम आयु 30 साल निर्धारित की गई है, जिसकी गणना 27 मार्च के आधार पर की जाएगी। वहीं, आरक्षित श्रेणी से आने वाले कैंडिडेट्स को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी।
आवेदन करते समय अभ्यर्थियों को अपने वर्ग अनुसार निर्धारित आवेदन शुल्क का भुगतान ऑनलाइन मोड में करना होगा, जो जनरल/ईडब्लूएस/ओबीसी के लिए 2,500 रुपए और अनुसूचित जाति/अनुसूचित जनजाति/एक्स-सर्विसमैन/महिला उम्मीदवार के लिए 2,000 रुपए है।
योग्य कैंडिडेट्स का चयन कंप्यूटर-आधारित परीक्षा (सीबीटी), कोचिंग योग्यता परीक्षण (सीएटी), शॉर्टलिस्टिंग और अंतिम मेरिट लिस्ट के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी 35,400 से 1,12,400 रुपए के बीच प्रति महीने होगी। इसी के साथ कैंडिडेट्स को अन्य लाभ और भत्ते भी दिए जाएंगे।
ऑनलाइन आवेदन करने के लिए उम्मीदवार सबसे पहले स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया (एसएआई) की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं। होमपेज पर जाने के बाद संबंधित पद से सक्रिए आवेदन लिंक पर क्लिक करें। इसके बाद रजिस्ट्रेशन कर लॉगिन करें। फिर फॉर्म में मांगी गई सभी जानकारियों को दर्ज करें। मांगे गए सभी डॉक्यूमेंट्स को सही साइज में अपलोड करें। इसके बाद आवेदन शुल्क का भुगतान कर फॉर्म को सबमिट कर दें। लास्ट में एप्लीशन फॉर्म का प्रिंट आउट भविष्य के लिए निकाल लें।
--आईएएनएस
डीके/एबीएम