साहिबाबाद की फर्नीचर फैक्ट्री में भीषण आग, लाखों का सामान जलकर खाक
गाजियाबाद, 10 जून (आईएएनएस)। गाजियाबाद के साहिबाबाद औद्योगिक क्षेत्र के साइट-4 स्थित एक फर्नीचर निर्माण इकाई में बुधवार तड़के भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। आग इतनी भयावह थी कि देखते ही देखते पूरी फैक्ट्री उसकी चपेट में आ गई।
सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 10 जून को सुबह करीब 4:55 बजे फायर विभाग को सूचना मिली कि साइट-4, साहिबाबाद स्थित एक लकड़ी के गोदाम एवं फर्नीचर निर्माण इकाई में आग लग गई है। सूचना मिलते ही प्रभारी अधिकारी फायर टेंडरों के साथ घटनास्थल के लिए रवाना हुए। मौके पर पहुंचने पर पता चला कि प्लॉट संख्या 534-सी स्थित एसएस फर्नीचर सोफा होम नामक फैक्ट्री में भीषण आग लगी हुई थी। फैक्ट्री में सोफे बनाने का कार्य किया जाता था और बड़ी मात्रा में लकड़ी, फोम तथा अन्य ज्वलनशील सामग्री मौजूद थी।
आग की गंभीरता को देखते हुए तत्काल मुख्य अग्निशमन अधिकारी को सूचना दी गई। उनके निर्देश पर फायर स्टेशन वैशाली से दो अतिरिक्त वाटर ब्राउजर भी मौके पर भेजे गए। दमकल कर्मियों ने चारों तरफ से आग को घेरकर बुझाने का अभियान शुरू किया।
इस दौरान आग की तेज लपटों के कारण फैक्ट्री का टिन शेड गिर गया, जिससे राहत एवं बचाव कार्य में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए मौके पर जेसीबी मशीन मंगाई गई। जेसीबी की मदद से गिरे हुए टिन शेड को हटाया गया, जिसके बाद दमकल कर्मियों ने अंदर तक पहुंचकर आग बुझाने का कार्य तेज किया। कई घंटों की मेहनत के बाद आग पर पूरी तरह नियंत्रण पा लिया गया।
फायर विभाग के अधिकारियों के अनुसार, यदि समय रहते आग पर काबू नहीं पाया जाता तो पास में स्थित आवासीय भवन भी इसकी चपेट में आ सकते थे और यह एक बड़े हादसे का रूप ले सकता था। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण विद्युत शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। इस अग्निकांड में फैक्ट्री परिसर में खड़ी एक हुंडई वेन्यू कार, एक मोटरसाइकिल, डीजी सेट तथा अन्य मशीनरी और फर्नीचर सामग्री जलकर नष्ट हो गई।
--आईएएनएस
पीकेटी/एसके