×

सहारनपुर में अवैध निर्माण हटाने की कार्रवाई का विरोध वोट बैंक की राजनीति: सिद्धार्थ नाथ सिंह

 

प्रयागराज, 7 सितंबर (आईएएनएस)। सहारनपुर में अवैध निर्माण पर हुई प्रशासनिक कार्रवाई को लेकर प्रदेश की राजनीति गरमा गई है। समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव द्वारा कार्रवाई पर उठाए गए सवालों के बीच प्रयागराज पश्चिम से भाजपा विधायक सिद्धार्थ नाथ सिंह ने इसे वोट बैंक की राजनीति करार दिया।

सिद्धार्थ नाथ सिंह ने कहा कि समाजवादी पार्टी और विशेष रूप से अखिलेश यादव अवैध निर्माण के खिलाफ होने वाली कार्रवाई का विरोध केवल राजनीतिक कारणों से कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि जिस स्थान पर कार्रवाई की गई, वहां अवैध निर्माण के कारण एक सार्वजनिक कुएं का उपयोग प्रभावित हो रहा था और स्थानीय लोगों को उसका लाभ नहीं मिल पा रहा था।

भाजपा विधायक ने कहा कि प्रशासन द्वारा पूरी कार्रवाई कानून के दायरे में रहकर की जा रही है। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि अवैध निर्माण को हटाने पर भी समाजवादी पार्टी आपत्ति जता रही है और इस मुद्दे पर प्रतिनिधिमंडल भेजकर राजनीतिक बयानबाजी कर रही है। सिद्धार्थ नाथ सिंह ने कहा कि अखिलेश यादव का दर्द केवल वोट बैंक की राजनीति तक सीमित है।

इस दौरान उन्होंने प्रदेश में भाजपा सरकार के कार्यों का भी उल्लेख किया। सिद्धार्थ नाथ सिंह ने दावा किया कि समाजवादी पार्टी सरकार के समय उत्तर प्रदेश में केवल चार हवाई अड्डे थे, जबकि वर्तमान में उनकी संख्या बढ़कर 15 हो गई है। उन्होंने कहा कि पहले प्रदेश में केवल दो एक्सप्रेस-वे थे, जबकि अब 11 एक्सप्रेस-वे विकसित किए जा चुके हैं।

उन्होंने यह भी कहा कि राज्य में निवेश, उद्योग और रोजगार के अवसरों में वृद्धि हुई है। सिंह ने दावा किया कि जिन माफिया को पहले राजनीतिक संरक्षण मिलता था, उन पर वर्तमान सरकार ने सख्त कार्रवाई की है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता विकास और कानून-व्यवस्था के मुद्दों पर संतुष्ट है।

अंत में विधायक ने अखिलेश यादव से विकास कार्यों पर ध्यान देने और राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप से बाहर निकलने की सलाह देते हुए कहा कि हकीकत को देखने का समय आ गया है।

--आईएएनएस

एएमटी/वीसी