सफाई कर्मचारियों पर लाठीचार्ज के विरोध में पूरा पंजाब बंद : कुलदीप सिंह ढिल्लों
बरनाला, 30 जुलाई (आईएएनएस)। कांग्रेस विधायक कुलदीप सिंह ढिल्लों ने पंजाब में सफाई कर्मचारियों पर लाठीचार्ज के विरोध में पंजाब बंद का आह्वान किया, जिसका चौतरफा समर्थन देखने को मिला। कांग्रेस विधायक ने आईएएनएस से बातचीत में गुरुवार को इस बारे में जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि पिछले दिनों जिस तरह से हमारे सफाई कर्मचारियों पर लाठीचार्ज किया गया, उसके विरोध में पूरा पंजाब बंद है। यह लाठीचार्ज बिना किसी मजिस्ट्रेट की अनुमति के हुआ। इन लोगों ने हमारे सफाई कर्मचारियों के साथ अत्याचार किया। इसी के विरोध में बरनाला बंद रहा। हम सफाई कर्मचारियों के समर्थन में हैं। सरकार उन अधिकारियों को बचाने में लगी हुई है, जिन्होंने सफाई कर्मचारियों के साथ अत्याचार किए।
कांग्रेस विधायक के मुताबिक, सफाई कर्मचारियों के वेतन बढ़ाने की मांग को मान लिया गया है। लेकिन, इनकी कुछ और मांगें भी हैं, जिन पर अभी विचार किया जा रहा है। इनकी एक मांग यह भी है कि जिन लोगों ने इनके साथ अत्याचार किए, इन पर लाठीचार्ज किए, उन्हें चिन्हित करके उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए, उन्हें किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाए। लेकिन, प्रशासन की ओर से इस पूरे मामले में उदासीन रवैया अपनाया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि सफाई कर्मचारियों पर अत्याचार करने वाले कई लोग सोशल मीडिया पर अपनी गलती मान रहे हैं। उन्हें अपनी गलती का एहसास हो रहा है। लेकिन, मेरा सीधा-सा सवाल है कि आखिर सरकार की ओर से ऐसे अधिकारियों को चिन्हित करके उनके खिलाफ कार्रवाई क्यों नहीं की जा रही है? आखिर इसके पीछे की वजह क्या है? इस पूरे मामले में राजनीति करने की कोशिश की जा रही है। एक पक्ष सफाई कर्मचारियों को यह कहकर बहला रहा है कि हम अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई करेंगे। दूसरी ओर यही लोग ऐसे अधिकारियों को बचाने की भी कोशिश कर रहे हैं। हाईकोर्ट की ओर से भी इस संबंध में आदेश दिया गया है। लेकिन, हाईकोर्ट ने ये तो नहीं कहा है न कि आप किसी पर डंडे बरसाओ।
उन्होंने जोर देते हुए कहा कि इस मामले में राजनीति करने से बचना चाहिए। हमें यह सुनिश्चित करना चाहिए कि सफाई कर्मचारियों को इंसाफ मिलने का मार्ग प्रशस्त हो।
--आईएएनएस
एसएचके/एबीएम