सड़क का नाम बदलना एक व्यक्ति का फैसला नहीं, विशेषज्ञों से होगी चर्चा: कार्तिक महाराज
कोलकाता, 21 सितंबर (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल सरकार ने पद्म श्री से सम्मानित कार्तिक महाराज को कोलकाता नगर निगम की 'सड़क का नाम बदलने वाली समिति' का चेयरमैन नियुक्त किया है। नई जिम्मेदारी मिलने के बाद उनके लिए कोलकाता नगर निगम में मेयर-इन-काउंसिल के पूर्व सदस्य देबब्रत मजूमदार के कमरे को रेनोवेट कर कार्यालय का रूप दिया गया है। कार्तिक महाराज ने सोमवार को अपने नए कार्यालय का दौरा किया और औपचारिक रूप से पदभार संभाला।
पदभार ग्रहण करने के बाद कार्तिक महाराज ने आईएएनएस से बातचीत में अपनी नई जिम्मेदारी, भारतीय संस्कृति, धार्मिक परंपराओं और कोलकाता की सड़कों के नामों को लेकर अपनी राय रखी। नई जिम्मेदारी के लिए राज्य सरकार को बधाई देते हुए उन्होंने कहा कि सरकार भारतीय संस्कृति और धर्म से जुड़े विषयों पर चर्चा का अवसर दे रही है, यह स्वागत योग्य है। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति को लेकर व्यापक स्तर पर चर्चा होनी चाहिए और इसी दिशा में उन्हें मिली जिम्मेदारी को वह महत्वपूर्ण मानते हैं।
उन्होंने भारत के नाम और उसकी सांस्कृतिक पहचान का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी कई मौकों पर 'भारत' नाम और भारतीय सांस्कृतिक पहचान पर जोर देते रहे हैं। भारत का अर्थ गंभीर और व्यापक है तथा देश की पहचान 'भारत' के रूप में ही होनी चाहिए। भारतीय संस्कृति की मूल आधारशिला धर्म और आध्यात्मिक परंपरा से जुड़ी हुई है। इसी संदर्भ में उन्होंने श्रीमद्भगवद्गीता का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि गीता के प्रथम अध्याय के प्रथम श्लोक के प्रथम शब्द के रूप में 'धर्म' आता है। भारतीय संस्कृति में धर्म और अध्यात्म का विशेष महत्व है।
कोलकाता की कई सड़कों के नामों को लेकर राजनीतिक पक्षपात के सवाल पर कार्तिक महाराज ने कहा कि मौजूदा सरकार ने समिति में किसी राजनीतिक व्यक्ति को नहीं बैठाया है। समिति में ऐसे लोगों को शामिल किया गया है, जो धर्म, भारतीय संस्कृति और इतिहास से जुड़े विषयों पर चर्चा कर सकें। सड़क के नाम बदलने या नामकरण जैसे विषयों पर फैसला किसी एक व्यक्ति के स्तर पर नहीं होगा, बल्कि विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञों के साथ विचार-विमर्श किया जाएगा। समिति में इतिहास के जानकार, धर्मगुरु और शिक्षाविद जैसे अलग-अलग क्षेत्रों से जुड़े लोगों की भूमिका है। सभी लोग मिलकर इस विषय पर काम करेंगे और विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखकर चर्चा की जाएगी।
कोलकाता की कुछ प्रमुख सड़कों के नामों का संबंध पूर्ववर्ती राजनीतिक दलों और उनके नेताओं से होने के सवाल पर कार्तिक महाराज ने कहा कि समिति का उद्देश्य किसी राजनीतिक दल विशेष के पक्ष या विपक्ष में काम करना नहीं है। सड़क का नाम किसी व्यक्ति या राजनीतिक विचारधारा से जुड़ा होने के बजाय उसके ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और सामाजिक महत्व को ध्यान में रखकर देखा जाना चाहिए। समिति इस तरह के मामलों पर व्यापक विचार-विमर्श के बाद ही कोई प्रस्ताव आगे बढ़ाएगी। समिति में अलग-अलग क्षेत्रों से जुड़े लोगों की मौजूदगी का उद्देश्य यही है कि सड़क नामकरण से जुड़े फैसलों में विभिन्न दृष्टिकोणों को शामिल किया जा सके।
कोलकाता की 'विश्व बांग्ला सरणी' सड़क के नाम को लेकर पूछे गए सवाल पर कार्तिक महाराज ने कहा कि कुछ लोगों ने इस सड़क का नाम बदलने को लेकर प्रस्ताव उनके सामने रखा है। उन्होंने बताया कि तीन-चार लोगों ने सुझाव दिया कि 'विश्व बांग्ला' के स्थान पर किसी ऐसे महापुरुष के नाम पर सड़क का नाम रखा जाना चाहिए, जिसे वे 'विश्व गुरु' के रूप में देखते हैं। उन्होंने इस प्रस्ताव को तत्काल खारिज या स्वीकार करने के बजाय इस पर चर्चा करने की बात कही है। नाम बदलने से जुड़े किसी भी प्रस्ताव पर समिति के स्तर पर चर्चा की जाएगी और उसके बाद ही आगे की प्रक्रिया तय होगी।
--आईएएनएस
पीएसके