शिअद-भाजपा सरकार बनी तो पंजाब फिर होगा खुशहाल और नशामुक्त : हरभजन सिंह
मुंबई, 24 नवंबर (आईएएनएस)। पूर्व भारतीय क्रिकेटर और राज्यसभा सदस्य हरभजन सिंह ने दावा किया है कि अगर पंजाब में शिअद-भाजपा की गठबंधन वाली सरकार बनी तो प्रदेश फिर से खुशहाल बनेगा, नशे से मुक्त होगा।
हरभजन सिंह ने कहा कि मैं अपनी ओर से पंजाब के सभी लोगों को बहुत-बहुत बधाई देना चाहता हूं। दोनों दलों के बीच यह एक बहुत ही सकारात्मक दिशा में उठाया गया कदम है। पंजाब को बेहतर शासन की जरूरत है, एक ऐसी सरकार की जो वास्तव में राज्य की देखभाल कर सके। वर्तमान की सरकार में कई वर्षों से पंजाब से किए गए वादे पूरे नहीं हुए हैं। मेरा हमेशा से यह मानना रहा है और मैंने कई बार कहा भी है कि जब केंद्र और राज्य दोनों जगहों पर एक ही पार्टी की सरकार होती है तो विकास के काम कहीं ज्यादा बेहतर तरीके से हो सकते हैं। यह पंजाब की बदकिस्मती रही है कि कई साल से केंद्र में जो पार्टी सत्ता में रही, वह पंजाब में सत्ता में नहीं थी।
सांसद ने कहा कि अब पंजाब की जनता के पास मौका है कि अन्य राज्यों की तरह यहां भी डबल इंजन की सरकार बनाए। मैं पंजाब के लोगों से अपील करूंगा कि वे आगे आएं, अपना वोट डालें और सही पार्टी को चुनें। शिअद-भाजपा की सरकार बनने के बाद पंजाब फिर से खुशहाल बनेगा, नशामुक्त बनेगा और खेलों में आगे बढ़ेगा।
इसी दौरान भारत और न्यूजीलैंड के बीच पहला टेस्ट मैच ड्रॉ होने पर पूर्व क्रिकेटर हरभजन सिंह ने कहा कि मुझे लगता है कि इस मैच के बारे में पहले ही काफी कुछ कहा जा चुका है। कई लोगों ने इस बात पर चर्चा की है कि 15 ओवर बचे रहते ही पारी घोषित कर दी गई थी। मेरी नजर में 90 गेंदें एक बड़ी संख्या होती हैं। मुझे लगता है कि उन 90 गेंदों के दौरान कोशिश की जानी चाहिए थी। क्या पता, शायद नतीजा हमारे पक्ष में आ सकता था।
एशियन गेम्स का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि हमारे देश ने बहुत अच्छा किया है। गोल्फ में भी गोल्ड आया है। जब भी हमारे खिलाड़ी गोल्ड लाते हैं, तो वे आने वाली युवा पीढ़ी को प्रोत्साहित करते हैं। मैं चाहूंगा कि गोल्ड की संख्या और बढ़े।
--आईएएनएस
डीकेएम/वीसी