☰
×

सचिन पायलट का भाजपा से सवाल, सीमाओं को सुरक्षित करने और ड्रग्स तस्करी रोकने के लिए क्या कदम उठाए

 

नई दिल्ली, 29 सितंबर (आईएएनएस)। कांग्रेस के पंजाब प्रभारी सचिन पायलट ने पंजाब में ड्रग्स की समस्या और कानून-व्यवस्था को लेकर केंद्र सरकार और आम आदमी पार्टी सरकार पर निशाना साधा। दिल्ली में कांग्रेस कार्यसमिति (सीडब्ल्यूसी) की बैठक के बाद पायलट ने कहा कि पंजाब में ड्रग्स और गैंगस्टर की समस्या गंभीर बनी हुई है और इसके लिए केंद्र तथा राज्य सरकार दोनों को अपनी जिम्मेदारी तय करनी चाहिए।

कांग्रेस के पंजाब प्रभारी सचिन पायलट ने पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि केंद्र सरकार पंजाब में ड्रग्स की समस्या को रोकने में नाकाम रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि पंजाब में गैंगस्टर खुलेआम घूम रहे हैं और लोगों पर गोलियां चला रहे हैं। साथ ही उन्होंने आप सरकार पर भी कानून-व्यवस्था समेत कई मुद्दों को हल करने में विफल रहने का आरोप लगाया।

कांग्रेस नेता ने कहा कि यह विडंबना है कि जो पार्टी पिछले 12 वर्षों से सत्ता में हैं और जिस पर सीमा पार से ड्रग्स, नशीले पदार्थों तथा अवैध हथियारों की तस्करी रोकने की जिम्मेदारी थी, वह अब पंजाब जाकर नशा मुक्ति की बात कर रही है।

उन्होंने केंद्र सरकार से सवाल किया कि पाकिस्तान से लगती पंजाब, राजस्थान और गुजरात की सीमाओं पर तस्करी रोकने के लिए पिछले वर्षों में क्या कदम उठाए गए। सचिन पायलट ने कहा कि सीमा सुरक्षा और ड्रग्स की तस्करी रोकने की जिम्मेदारी केंद्र सरकार के संबंधित मंत्रालयों की है। उन्होंने भाजपा से पंजाब सरकार की आलोचना करने से पहले अपने कार्यकाल का भी आकलन करने को कहा। उन्होंने कहा कि भाजपा पहले अकाली दल के साथ पंजाब में सत्ता में रही और केंद्र में भी उसकी सरकार रही है। ऐसे में उसे बताना चाहिए कि उसने सीमाओं को सुरक्षित करने और ड्रग्स की तस्करी रोकने के लिए क्या प्रभावी कदम उठाए।

एलपीयू में हुई घटना का जिक्र करते हुए पायलट ने कहा कि यह कोई अकेली घटना नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि पंजाब में ऐसा माहौल बन गया है जहां कोई भी व्यक्ति कुछ भी कर सकता है। उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाओं में जवाबदेही तय करना जरूरी है और संबंधित लोगों की जिम्मेदारी निर्धारित होनी चाहिए।

वहीं, पंजाब में कांग्रेस के अभियान को लेकर पायलट ने कहा कि पार्टी का चुनावी अभियान जारी है। उन्होंने बताया कि उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी से पंजाब आने के लिए समय मांगा है। पायलट ने कहा कि दोनों नेता जल्द ही पंजाब आएंगे और पार्टी के नेता मिलकर अभियान को आगे बढ़ाएंगे। उन्होंने कहा कि पंजाब के लोगों को यदि किसी राजनीतिक दल से उम्मीद है, तो वह कांग्रेस पार्टी से है।

--आईएएनएस

एसएके/वीसी