×

'सच्चाई सामने आनी चाहिए', प्रतीक यादव के निधन पर समाजवादी पार्टी नेताओं ने उठाए सवाल

 

लखनऊ, 13 मई (आईएएनएस)। मुलायम सिंह यादव के बेटे और भाजपा नेता अपर्णा यादव के पति प्रतीक यादव का बुधवार सुबह लखनऊ के सिविल अस्पताल में निधन हो गया। इसके बाद समाजवादी पार्टी के नेताओं ने मांग की है कि प्रतीक यादव की मौत की जांच होनी चाहिए।

समाजवादी पार्टी के प्रवक्ता शौकत अली ने आईएएनएस से बात करते हुए कहा, "यह हमारे लिए बहुत दुखद खबर है और आज का माहौल बहुत गमगीन है। ऐसा लगता है कि हमने एक युवा व्यक्ति को खो दिया है। इस मामले की जांच होनी चाहिए।"

उन्होंने कहा, "वह एक ऐसे युवा थे जो समाज की सेवा कर रहे थे, और अब वह हमारे बीच नहीं रहे। यह हम सभी के लिए बहुत चिंता और दुख का विषय है। यह एक बहुत ही दुखद घटना है और इसके सभी पहलुओं की ठीक से जांच होनी चाहिए। यह पता लगाया जाना चाहिए कि उनका निधन किस कारण से हुआ है। जांच में जो भी चीजें स्पष्ट होंगी, वो सबको पता भी चलेगा।"

समाजवादी पार्टी के प्रवक्ता फखरुल हसन चांद ने कहा, "यह एक बहुत ही दुखद घटना है। अखिलेश यादव यहां पोस्टमॉर्टम हाउस पहुंच गए हैं। हमें सबसे पहले सुबह 6 बजे मीडिया के जरिए इस बारे में पता चला। हमें सुबह जानकारी मिली कि उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका निधन हो गया है। यह बेहद दुखद है। हम सभी यहां पोस्टमॉर्टम हाउस में मौजूद हैं।"

समाजवादी पार्टी के एक कार्यकर्ता ने कहा, "जब हमने आप लोगों के जरिए घर पर यह खबर सुनी, तो हम सन्न रह गए। हम उनके निधन के दुख को सहन नहीं कर पा रहे हैं। हम सभी गहरे सदमे में हैं। अब सच्चाई आप लोगों के माध्यम से सामने आनी चाहिए कि निधन कैसे हुआ।"

इससे पहले, सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने प्रतीक यादव के निधन पर शोक व्यक्त किया। वे लखनऊ स्थित केजीएमयू पहुंचे हुए हैं, जहां प्रतीक यादव का पोस्टमार्टम चल रहा है। अखिलेश ने 'एक्स' पर लिखा, "प्रतीक यादव का निधन अत्यंत दुखद। ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करे। विनम्र श्रद्धांजलि।"

--आईएएनएस

डीसीएच/