☰
×

'विशेष सैन्य अभियान में यूक्रेन ने अपने 1,175 सैनिकों को खो द‍िए', रूस का दावा

 

मॉस्‍को, 1 नवंबर (आईएएनएस)। रूस के रक्षा मंत्रालय ने दावा क‍िया क‍ि विशेष सैन्य अभियान क्षेत्र में यूक्रेन ने अपने लगभग 1,175 सैनिकों को खो द‍िया। रूसी वायु रक्षा प्रणालियों ने यूक्रेन के 391 फिक्स्ड-विंग ड्रोन को मार गिराया। इसके अलावा यूक्रेनी सेना के परिवहन और ऊर्जा बुनियादी ढांचे, साथ ही ड्रोन स्टोरेज और लॉन्च साइटों पर भी हमले किए गए।

रूसी समाचार एजेंसी 'तास' की र‍िपोर्ट के अनुसार, रक्षा मंत्रालय ने अपने बयान में दावा क‍िया कि पिछले 24 घंटों में विशेष सैन्य अभियान क्षेत्र में यूक्रेन ने लगभग 1,175 सैनिक खो दिए हैं। यह जानकारी रूस के रक्षा मंत्रालय ने दी है।

मंत्रालय के बयान के अनुसार, रूस के 'नॉर्थ' बैटलग्रुप ने यूक्रेन के लगभग 190 सैनिकों को मार गिराया, 'वेस्ट' बैटलग्रुप ने करीब 200 सैनिकों को खत्म किया, 'साउथ' बैटलग्रुप ने 210 से ज्यादा सैनिकों को मार गिराया, 'सेंटर' बैटलग्रुप ने लगभग 350 सैनिकों को खत्म किया, 'ईस्ट' बैटलग्रुप ने करीब 205 सैनिकों को मार गिराया, जबकि 'नीपर' बैटलग्रुप ने लगभग 20 सैनिकों को खत्म किया।

एजेंसी की र‍िपोर्ट के अनुसार, पिछले एक दिन में रूसी सैनिकों ने यूक्रेनी सेना की ओर से इस्तेमाल की जा रही परिवहन और ऊर्जा से जुड़ी महत्वपूर्ण सुविधाओं पर भी हमला किया। साथ ही ड्रोन के भंडारण और लॉन्च साइटों को भी निशाना बनाया गया।

रक्षा मंत्रालय ने कहा, "रूसी सशस्त्र बलों ने यूक्रेनी सेना की ओर से इस्तेमाल किए जा रहे ऊर्जा और परिवहन ढांचे पर हमला किया। इसके अलावा ड्रोन असेंबली वर्कशॉप, ड्रोन के भंडारण और लॉन्च स्थल, गोला-बारूद के भंडार और यूक्रेनी सैनिकों तथा विदेशी लड़ाकों के अस्थायी ठिकानों को भी निशाना बनाया गया।"

मंत्रालय के अनुसार, रूसी वायु रक्षा प्रणालियों ने पिछले 24 घंटों में यूक्रेन के 391 फिक्स्ड-विंग ड्रोन भी मार गिराए।

वहीं, यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने दावा किया कि रूस जानबूझकर यूक्रेन के ऊर्जा ठ‍िकानों को न‍िशाना बना रहा है। शन‍िवार रात रूस ने निप्रो, विन्नित्सिया, जाइटॉमिर और खमेलनित्स्की में हमारी ऊर्जा व्यवस्था पर हमला क‍िया।

जेलेंस्‍की ने बताया क‍ि यूक्रेन के अन्य महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचे पर भी रूस के बड़े हमले लगातार जारी हैं। पिछले एक हफ्ते में रूस ने यूक्रेन पर 1,940 हमला करने वाले ड्रोन, 1,580 से ज्यादा गाइडेड एरियल बम और विभिन्न प्रकार की 44 मिसाइलें दागी हैं, जिनमें 36 बैलिस्टिक मिसाइलें शामिल हैं।

--आईएएनएस

एवाई/एबीएम