×

बारुईपुर रेप-मर्डर केस पर TMC की रैली में बवाल, फुटेज में देंखे BJP से झड़प के बीच ममता बनर्जी ने युवक को मारा थप्पड़

 

पश्चिम बंगाल के बारुईपुर में 11 वर्षीय बच्ची के साथ कथित रेप और हत्या की घटना को लेकर राज्य की राजनीति गरमा गई है। घटना के विरोध में बुधवार को सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस (TMC) ने कोलकाता में विरोध रैली निकाली, लेकिन रैली के दौरान भारतीय जनता पार्टी (BJP) कार्यकर्ताओं के विरोध और नारेबाजी से माहौल तनावपूर्ण हो गया। विवाद उस समय और बढ़ गया, जब मुख्यमंत्री ममता बनर्जी अपने घर के बाहर पहुंचीं और गुस्से में एक युवक को थप्पड़ मार दिया। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

<a style="border: 0px; overflow: hidden" href=https://youtube.com/embed/s0M1op4D20c?autoplay=1&mute=1><img src=https://img.youtube.com/vi/s0M1op4D20c/hqdefault.jpg alt=""><span><div class="youtube_play"></div></span></a>" style="border: 0px; overflow: hidden;" width="640">

TMC की विरोध रैली कोलकाता के बालीगंज फाड़ी से शुरू होकर हाजरा क्रॉसिंग तक पहुंची। पार्टी का कहना है कि यह रैली बारुईपुर में बच्ची के साथ हुई जघन्य वारदात के खिलाफ न्याय की मांग को लेकर आयोजित की गई थी। रैली में बड़ी संख्या में TMC कार्यकर्ता और समर्थक शामिल हुए।

रैली के दौरान BJP कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन करते हुए "चोर-चोर" के नारे लगाए। आरोप है कि दोनों पक्षों के बीच तीखी नोकझोंक हुई। TMC ने दावा किया कि भाजपा कार्यकर्ताओं ने रैली पर अंडे फेंके और माहौल बिगाड़ने की कोशिश की। हालांकि, भाजपा की ओर से इन आरोपों पर अलग रुख अपनाया गया।

स्थिति उस समय अधिक तनावपूर्ण हो गई, जब रैली मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के आवास के बाहर पहुंची। शोर-शराबा और भीड़ बढ़ने पर ममता बनर्जी अपने घर से बाहर निकलीं। उन्होंने लोगों से शांत रहने और वहां से हटने की अपील की। मुख्यमंत्री ने हाथ के इशारों से भीड़ को पीछे जाने का संकेत भी दिया, लेकिन कई लोग वहीं खड़े रहे और मोबाइल फोन से वीडियो रिकॉर्डिंग करते रहे।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, इसी दौरान ममता बनर्जी अचानक नाराज हो गईं और भीड़ में मौजूद एक युवक को थप्पड़ मार दिया। इसके बाद उन्होंने दो अन्य लोगों की पीठ पर भी हाथ से प्रहार किया। जिन लोगों के साथ यह घटना हुई, उनकी पहचान फिलहाल सार्वजनिक नहीं हुई है। घटना के बाद वहां मौजूद लोगों में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

मुख्यमंत्री के इस व्यवहार का वीडियो सामने आने के बाद राजनीतिक बयानबाजी भी तेज हो गई है। विपक्षी दल BJP ने इस घटना को लेकर ममता बनर्जी पर निशाना साधा है, जबकि TMC का कहना है कि मुख्यमंत्री लगातार उग्र भीड़ को शांत कराने की कोशिश कर रही थीं और स्थिति काफी तनावपूर्ण थी।

बारुईपुर की घटना को लेकर पूरे राज्य में राजनीतिक माहौल पहले से ही गर्म है। बच्ची के साथ हुई कथित दरिंदगी के मामले में विपक्ष राज्य सरकार पर कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल उठा रहा है, वहीं TMC आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की बात कह रही है।

फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। रैली के दौरान हुए हंगामे और मुख्यमंत्री के आवास के बाहर की स्थिति को लेकर भी प्रशासन की ओर से रिपोर्ट तैयार की जा रही है। इस घटना ने पश्चिम बंगाल की राजनीति में एक नया विवाद खड़ा कर दिया है।