रोम में पीएम मोदी से मिलकर भावुक हुए भारतीय नागरिक, बोले- देश को हमेशा ऐसे प्रधानमंत्री मिलें
रोम, 20 मई (आईएएनएस)। इटली यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारतीय समुदाय के सदस्यों से मुलाकात की है। इस पर भारतीय नागरिकों ने अपनी खुशी जाहिर की और कहा कि भारत को उनके जैसे प्रधानमंत्री हमेशा मिलते रहें, जिससे देश विकास और कल्याण की राह पर चलता रहे।
सनातन धर्म संघ के सदस्य और एक भारतीय नागरिक ने कहा, "प्रधानमंत्री मोदी की उपस्थिति बहुत प्रभावशाली होती है। वे इटली आए हैं, जिन्हें देखकर हर भारतीय बहुत खुश है। आज भारत देश आगे बढ़ रहा है और इसी तरह लगातार आगे बढ़ता रहे।"
उन्होंने बताया कि वे लोग सनातन धर्म संघ से जुड़े हुए हैं और इटली में सनातन धर्म का प्रचार करते हैं। पीएम मोदी से मुलाकात के दौरान मंदिरों को लेकर बात हुई। भारतीय नागरिक ने आगे कहा, "हम यही प्रार्थना करते हैं कि हमारा सनातन धर्म बहुत ज्यादा आगे बढ़े। पिछली बार जब हमारी बातचीत हुई थी, उस समय इटली में 22 मंदिर थे, आज यहां लगभग 40 मंदिर हैं।"
उन्होंने यह भी बताया कि उनका संगठन इटली में सनातन का प्रचार करने के साथ इटली के बच्चों को संस्कृत पढ़ाते हैं, उन्हें योग सिखाते हैं और सनातन धर्म के बारे में जानकारी देते हैं।
भारतीय समुदाय के एक अन्य सदस्य ने कहा, "आज मुझे ऐसा लगा जैसे मैं भगवान से मिला हूं। यह दूसरी बार है जब मैं उनसे मिल रहा हूं और उनसे मिलकर मुझे बहुत खुशी हुई।"
एक और भारतीय प्रवासी ने कहा, "मैं पहली बार पीएम मोदी से मिला हूं। उन्होंने मुझसे हाथ मिलाया। मुझे बहुत अच्छा लगा है।" वहीं, एक व्यक्ति ने कहा, "मैं मिलान में रहता हूं। वहां से ट्रेन के जरिए रोम आया हूं, ताकि पीएम मोदी से मिल सकूं। हम अपने प्रधानमंत्री को धन्यवाद देते हैं।"
इसी तरह, एक और भारतीय ने कहा, "पीएम मोदी से मिलकर बहुत खुशी हुई है। मैं उनकी लंबी उम्र की कामना करता हूं। साथ ही प्रार्थना करता हूं कि भारत को उनके जैसे प्रधानमंत्री हमेशा मिलते रहें, जिससे देश विकास और कल्याण की राह पर चलता रहे।"
इटली यात्रा के दौरान इतालवी चित्रकार जियामपाओलो टोमासेटी ने प्रधानमंत्री मोदी को काशी के घाटों की एक पेंटिंग भेंट की। उन्होंने कहा, "मैंने उनसे (प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से) कहा कि इस पेंटिंग का मकसद उन्हें यह दिखाना था कि एक इतालवी कलाकार की नजर में रंगीन भारत और उनके नजरिए के बीच एक सेतु मौजूद है। उन्होंने इसकी सराहना की। उन्होंने मुझसे पूछा कि इस पेंटिंग को बनाने में कितना समय लगा, तो मैंने जवाब दिया कि लगभग दो हफ्ते।"
वहीं, रोम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का भारतीय समुदाय और इतालवी कलाकारों ने सांस्कृतिक स्वागत किया। इतालवी नर्तकों ने भरतनाट्यम, कथक और कुचिपुड़ी नृत्य प्रस्तुत किए, जबकि संगीतकारों ने भारतीय शास्त्रीय वाद्ययंत्र बजाए।
--आईएएनएस
डीसीएच/