×

राजद नेता मृत्युंजय तिवारी का भाजपा पर तंज, बंगाल में काम नहीं आएगी झालमुड़ी

 

पटना, 25 अप्रैल (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल के विधानसभा चुनाव को लेकर राष्ट्रीय जनता दल (राजद) नेता मृत्युंजय तिवारी ने भाजपा पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि सरकार बनाने का सपना भाजपा का इस बार टूटने वाला है।

मृत्युंजय तिवारी का यह बयान उस वक्त आया है, जब बंगाल की 152 विधानसभा सीटों पर पहले चरण के तहत मतदान संपन्न हुआ। वोटिंग प्रतिशत 92 फीसदी के पार रहा, जिसे लेकर भाजपा का खेमा काफी खुश है। भाजपा मान रही है कि जनता ने परिवर्तन के लिए इतनी भारी तदाद में वोटिंग की।

पटना में मीडिया से बातचीत के दौरान राजद नेता मृत्युंजय तिवारी ने पश्चिम बंगाल के राजनीतिक हालात पर कहा कि बंगाल को हल्के में लेना देश की टॉप लीडरशिप के लिए बड़ी गलती होगी।

मृत्युंजय तिवारी ने कहा कि पीएम मोदी और अमित शाह को बंगाल को हल्के में नहीं लेना चाहिए। बंगाल की जनता ममता दीदी के साथ है। बंगाल में झालमुड़ी काम नहीं आएगी। ममता के लिए बंगाल की जनता में ममता है। बंगाल का मुकाबला साफ है, वहां जनता ममता बनर्जी के साथ है।

उन्होंने तेजस्वी यादव के बंगाल दौरे का जिक्र करते हुए कहा कि तेजस्वी यादव का बंगाल में भारी स्वागत किया गया है। भारी भीड़ उमड़ी है। बंगाल में ममता को मजबूत करने के लिए तेजस्वी गए हैं। हम सरकार बनाकर दम लेंगे।

वोटिंग प्रतिशत पर बात करते हुए मृत्युंजय तिवारी ने कहा कि पिछली बार भी वोटिंग प्रतिशत बढ़ा था। इस बार जनसैलाब उमड़ा है। भाजपा जो सोच रही है, उसका बंगाल में सपना पूरा नहीं होने वाला है।

आप के सात राज्यसभा सदस्यों के भाजपा में शामिल होने पर राजद नेता ने कहा कि भाजपा विपक्ष मुक्त भारत चाहती है, जो लोकतंत्र के लिए ठीक नहीं है। जांच एजेंसियों का डर दिखाकर सांसदों और विधायकों को तोड़ा जा रहा है। अगर विपक्ष चुनाव लड़ना छोड़ देगा तो यह लोकतंत्र के लिए ठीक नहीं होगा। एक दिन यह भाजपा को भारी पड़ेगा।

--आईएएनएस

डीकेएम/वीसी