रीवा में बाढ़ के बाद उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने दीर्घकालिक योजना पर किया मंथन
रीवा 26 अगस्त (आईएएनएस ) मध्य प्रदेश के रीवा में पिछले दिनों हुई बारिश ने न केवल जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया, बल्कि कई बस्तियों में नुकसान भी हुआ है। अब बाढ़ नियंत्रण के लिए यहां दीर्घकालिक योजना पर मंथन शुरू हो गया है । दरअसल पिछले दिनों हुई तेज बारिश ने रीवा के जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया था, हालात इतने बिगड़े थे कि मुख्यमंत्री मोहन यादव मौके का जायजा लेने रीवा पहुंचे और अधिकारियों की बैठक कर निर्देश भी जारी किए थे।
इसी क्रम में उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने सर्किट हाउस में आयोजित बैठक में रीवा शहर में बाढ़ की समस्या को दूर करने के लिए किए जा रहे हैं उपायों की समीक्षा की। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि राजस्व अमला बाढ़ प्रभावित क्षेत्र का तत्काल सर्वे करके मकान, घरेलू सामग्री तथा अन्य नुकसान की रिपोर्ट तैयार कर पीड़ितों को राहत राशि का वितरण कराए। सर्वे का कार्य संवेदनशीलता से करें।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि रीवा शहर को जल भराव और बाढ़ की समस्या से मुक्ति दिलाने के लिए दीर्घकालीन प्रयास करने की आवश्यकता है, इसके लिए बीहर नदी को चौड़ा करने तथा सभी नालों को चौड़ा करने के लिए दीर्घकालीन कार्य योजना बनाएं। शहर के बाहरी क्षेत्र से नदी की ओर आने वाले पानी को भी शहर के बाहर से ही नदी में मिलाने के लिए जल संरचना बनाएं। सभी नालों को राजस्व रिकॉर्ड में दर्ज करें तथा उनके किनारे के अतिक्रमण हटाए।
कच्चे नालों को पक्का बनाने के लिए भी प्रस्ताव तैयार करें। बैठक में अपर कलेक्टर सपना त्रिपाठी ने बताया कि रीवा शहर और जिले भर में बाढ़ से प्रभावित क्षेत्रो का सर्वे शुरू कर दिया गया है। ग्राम भटलों में 600 घरों तथा रीवा शहर के निपानिया मोहल्ले में प्रभावित घरों का सर्वे हो गया है। सर्वे का कार्य तीन दिनों में पूरा करके राजस्व परिपत्र के प्रावधान कें अनुरूप राहत राशि का वितरण किया जाएगा।
--आईएएनएस
एसएनपी/पीएम