रेवंत रेड्डी को अमेरिका जाने की नहीं मिली केंद्र से मंजूरी, वीडियो में जाने लंदन से 23 अगस्त को लौटेंगे हैदराबाद
तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए रेवंत रेड्डी को अमेरिका दौरे के लिए केंद्र सरकार से मंजूरी नहीं मिली है। मुख्यमंत्री कार्यालय यानी CMO ने शुक्रवार को इसकी जानकारी दी। रेवंत रेड्डी फिलहाल लंद में हैं और उन्हें लंदन दौरे के बाद अमेरिका के बोस्टन जाना था। अब अमेरिकी दौरा रद्द होने के बाद वह 23 अगस्त को सीधे हैदराबाद लौटेंगे। पहले उनके 30 अगस्त को हैदराबाद लौटने का कार्यक्रम था। मुख्यमंत्री कार्यालय के मुताबिक, रेवंत रेड्डी के नेतृत्व में जाने वाला ‘तेलंगाना राइजिंग’ प्रतिनिधिमंडल अब अमेरिका का दौरा नहीं कर सकेगा। विदेश मंत्रालय ने राजनीतिक आधार पर अमेरिकी दौरे के लिए क्लियरेंस देने से इनकार किया है। राज्य सरकार ने नियमों के तहत मुख्यमंत्री और प्रतिनिधिमंडल के UK और USA दौरे के लिए केंद्र से अनुमति मांगी थी। हालांकि, केंद्र की ओर से केवल UK दौरे को मंजूरी दी गई।
लंदन पहुंचने के बाद मिली जानकारी
CMO के मुताबिक, तेलंगाना का प्रतिनिधिमंडल 20 अगस्त को लंदन पहुंचा था। प्रतिनिधिमंडल के UK पहुंचने के बाद केंद्र सरकार की ओर से जानकारी दी गई कि अमेरिका जाने के लिए मंजूरी नहीं दी गई है। इसके बाद मुख्यमंत्री के अमेरिकी दौरे को रद्द करने का फैसला किया गया।अमेरिका जाने की अनुमति नहीं मिलने के कारण अब मुख्यमंत्री और प्रतिनिधिमंडल को प्रस्तावित कार्यक्रमों में शामिल नहीं हो सकेंगे। रेवंत रेड्डी को बोस्टन और न्यूयॉर्क में कई अहम कार्यक्रमों में हिस्सा लेना था।
UK में कई कार्यक्रमों में शामिल होना था
रेवंत रेड्डी के लंदन दौरे में ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी, कैम्ब्रिज यूनिवर्सिटी, यूनिवर्सिटी ऑफ लंदन और लंदन बिजनेस स्कूल से जुड़े कार्यक्रम शामिल थे। इसके अलावा उन्हें एमिरेट्स स्टेडियम में इंग्लिश प्रीमियर लीग यानी EPL फुटबॉल से जुड़े एक कार्यक्रम में भी शामिल होना था।तेलंगाना सरकार की ओर से इस दौरे को राज्य में निवेश और शिक्षा से जुड़े अवसरों को बढ़ाने के लिहाज से महत्वपूर्ण बताया गया था। प्रतिनिधिमंडल का उद्देश्य विभिन्न संस्थानों और संभावित निवेशकों के साथ संपर्क बढ़ाना था।
अमेरिका में ये कार्यक्रम थे प्रस्तावित
अमेरिका दौरे के दौरान 24 अगस्त को रेवंत रेड्डी के हार्वर्ड यूनिवर्सिटी और MIT जाने का कार्यक्रम था। इसके बाद 25 अगस्त को बोस्टन में वर्जीनिया टेक की टीम के साथ बातचीत प्रस्तावित थी।26 अगस्त को न्यूयॉर्क में इंडियन ओवरसीज कांग्रेस के US चैप्टर के कार्यक्रम में भी मुख्यमंत्री को शामिल होना था। इसके अलावा प्रतिनिधिमंडल के लिए निवेश, शिक्षा और तकनीक से जुड़े कई अन्य कार्यक्रम भी प्रस्तावित थे।
राजनीतिक आधार पर क्लियरेंस नहीं मिलने का दावा
CMO ने कहा है कि विदेश मंत्रालय ने राजनीतिक आधार पर अमेरिका दौरे को मंजूरी नहीं दी। हालांकि, केंद्र सरकार की ओर से इस फैसले के कारणों को लेकर विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है। राज्य सरकार का कहना है कि उसने निर्धारित नियमों के तहत दोनों देशों के दौरे के लिए अनुमति मांगी थी, लेकिन उसे केवल UK यात्रा के लिए मंजूरी मिली।अब रेवंत रेड्डी 23 अगस्त को लंदन से सीधे हैदराबाद लौटेंगे। अमेरिकी दौरा रद्द होने के बाद तेलंगाना सरकार की ओर से इस घटनाक्रम को लेकर आगे क्या रुख अपनाया जाता है, इस पर नजर रहेगी।