×

रिजर्व बैंक में नौकरी का मौका: ग्रेड ‘बी’ ऑफिसर के 60 पदों पर भर्ती, इस तारीख तक करें आवेदन

 

नई दिल्ली, 5 मई (आईएएनएस)। भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) में नौकरी करने की इच्छा रखने वाले युवाओं के लिए एक खास मौका सामने आया है। आरबीआई ने ग्रेड 'बी' कैडर में अधिकारी के कुल 60 पदों पर भर्ती के लिए एक आधिकारिक अधिसूचना जारी की है।

आरबीआई ने जिन 60 पदों पर आवेदन मांगे हैं, उनमें ग्रेड 'बी' (डीआर) के अधिकारी - सामान्य कैडर से 40, ग्रेड 'बी' (डीआर) के अधिकारी - डीईपीआर कैडर से 10, और ग्रेड 'बी' (डीआर) के अधिकारी - डीएसआईएम कैडर से 10 पद शामिल हैं।

इन पदों के लिए ऑनलाइन माध्यम से आवेदन प्रक्रिया 29 अप्रैल से शुरू हो चुकी है और अप्लाई करने की अंतिम तिथि 20 मई तय की गई है। बैंकिग क्षेत्र में करियर बनाने के इच्छुक उम्मीदवार एप्लीकेशन फॉर्म भरना चाहते हैं, तो वे आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर तय लास्ट डेट शाम 6 बजे तक या उससे पहले अपना रजिस्ट्रेशन फॉर्म जमा कर सकते हैं। वहीं, जिन अभ्यर्थियों से आवेदन पत्र भरते समय कुछ गलती हो जाएगी, उनके लिए त्रुटि सुधार विंडो आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि से 2 दिन बाद सक्रिय रहेगी।

अभ्यर्थियों के पास किसी भी मान्यता प्राप्त संस्थान या विश्वविद्यालय से संबंधित पद के अनुसार किसी भी विषय में ग्रेजुएशन/समकक्ष तकनीकी या व्यावसायिक योग्यता, न्यूनतम 60 प्रतिशत अंकों के साथ, वित्त या अर्थशास्त्र में एमए/एमएससी या मास्टर डिग्री में न्यूनतम 55 प्रतिशत अंक आवश्यक हैं। इसी के साथ कैंडिडेट्स के पास प्रासंगिक क्षेत्र में अन्य निर्धारित पात्रता और कौशल का होना भी अनिवार्य है।

उम्मीदवारों की न्यूनतम आयु 21 वर्ष और अधिकतम आयु 30 वर्ष तय की गई है, जिसकी गणना 1 अप्रैल के आधार पर की जाएगी। वहीं, आरक्षित श्रेणी से आने वाले कैंडिडेट्स को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी।

योग्य अभ्यर्थियों का चयन ऑनलाइन/लिखित परीक्षा, इंटरव्यू, और डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी पद के अनुसार 78,450 से 1,54,936 रुपए के बीच प्रतिमाह होगी। वहीं, पद के अनुसार ऑनलाइन/लिखित परीक्षा 13 से 14 जून और इंटरव्यू 25 से 26 जुलाई के बीच आयोजित किए जाएंगे।

एप्लीकेशन फॉर्म भरते समय उम्मीदवारों को अपने वर्ग के अनुसार निर्धारित आवेदन शुल्क का भुगतान ऑनलाइन माध्यम से करना होगा, जो जनरल/ओबीसी/ईडब्ल्यूएस के लिए 850 रुपए के साथ 18 प्रतिशत जीएसटी, एससी/एसटी/पीडब्ल्यूबीडी के लिए 100 रुपए के साथ 18 प्रतिशत जीएसटी है। वहीं, आरबीआई स्टाफ को रजिस्ट्रेशन फीस में छूट दी गई है।

ऑनलाइन आवेदन करने के लिए उम्मीदवार सबसे पहले आरबीआई की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं। होमपेज पर जाने के बाद संबंधित पद के लिए दिए गए सक्रिय आवेदन लिंक पर क्लिक करें। इसके बाद रजिस्ट्रेशन कर लॉगिन करें। फिर फॉर्म में मांगी गई सभी जानकारियों को दर्ज करें। मांगे गए सभी डॉक्यूमेंट्स को सही साइज में अपलोड करें। इसके बाद रजिस्ट्रेशन फीस का भुगतान कर फॉर्म को सबमिट कर दें। लास्ट में आवेदन पत्र की एक कॉपी भविष्य के संदर्भ के लिए सुरक्षित निकालकर रख लें।

--आईएएनएस

डीके/वीसी