×

पश्चिम एशिया संघर्ष पर रेणुका चौधरी ने देश की नीति पर उठाए सवाल, कहा-कोविड और आज के समय में काफी फर्क

 

नई दिल्ली, 25 मार्च (आईएएनएस)। कांग्रेस की राज्यसभा सदस्य रेणुका चौधरी ने देश-विदेश से जुड़े कई अहम मुद्दों पर अपनी राय रखी। इजरायल-ईरान तनाव पर भारत के रुख को लेकर उन्होंने कहा, "हम आज जो कर रहे हैं, वह हमें पहले करना चाहिए था। अब सरकार ने यह काम पूरा किया है और आगे बढ़ गई है। अब देखना होगा कि आगे क्या होता है।"

रेणुका चौधरी ने आईएएनएस से इसे भारत के लिए 'महंगा सौदा' बताते हुए कहा कि देश इस समय एक बेहद नाजुक दौर से गुजर रहा है। उन्होंने उम्मीद जताई कि प्रधानमंत्री व विदेश मंत्री इस स्थिति को समझेंगे और सावधानी से आगे बढ़ेंगे। साथ ही, उन्होंने कहा कि कोविड काल और आज के समय में काफी अंतर है।

बता दें कि मंगलवार को राज्यसभा में पीएम मोदी ने पश्चिम एशिया में जारी जंग को लेकर कहा कि मैं राज्य सरकारों से अनुरोध करना चाहता हूं कि संकट चाहे कितना बड़ा हो, देश की ग्रोथ को बनाए रखना हम सभी का दायित्व है। इसके लिए हमें हर जरूरी कदम, हर जरूरी रिफॉर्म तेजी से करते रहना होगा। ये राज्य सरकारों के पास बहुत बड़ा अवसर है। ये टीम इंडिया की भी बहुत बड़ी परीक्षा है।

पीएम मोदी ने यह भी कहा था कि कोरोना काल में केंद्र और राज्यों ने टीम इंडिया बनकर कोविड मैनेजमेंट का एक बेहतरीन मॉडल सामने रखा था। अलग-अलग राजनीतिक दलों की सरकारें होने के बावजूद टेस्टिंग और वैक्सीनेशन से लेकर जरूरी चीजों की आपूर्ति टीम इंडिया के प्रयासों से ही सुनिश्चित हो पाई थी। हमें उसी भावना के साथ आगे भी काम करना है। सभी राज्य सरकारों और केंद्र सरकार के प्रयास से देश इस गंभीर वैश्विक संकट का प्रभावी रूप से सामना कर पाएगा। ये संकट अलग प्रकार का है और इसके समाधान भी अलग प्रकार से ही तय किए जा रहे हैं।

पश्चिम बंगाल की राजनीति पर बोलते हुए रेणुका चौधरी ने कहा, "हम चाहते हैं कि ममता बनर्जी जीतें, सामने चाहे कोई भी हो। हमारे मतभेद हो सकते हैं लेकिन हम चाहते हैं कि ममता बनर्जी बंगाल में जीतें और कांग्रेस भी वहां आगे बढ़े।"

उन्होंने स्पष्ट किया कि यह उनकी व्यक्तिगत राय है। उन्होंने कहा कि ममता बनर्जी केंद्र सरकार को करारा जवाब दें।

केरल में कांग्रेस की स्थिति पर उन्होंने भरोसा जताते हुए कहा कि वहां हालात बहुत अच्छे हैं और पार्टी जीत की ओर बढ़ रही है। हमें उम्मीद है कि वहां हमारा मुख्यमंत्री बनेगा, हमारी सरकार आएगी और हम जनता की सेवा कर पाएंगे।

वहीं, हरियाणा में टिकट बंटवारे को लेकर पार्टी के अंदर उठे आरोपों पर उन्होंने कहा कि ऐसे विवाद नई बात नहीं हैं। यह पहली बार नहीं है। जो लोग टिकट नहीं मिलने से नाराज होते हैं, वे अक्सर इस तरह के बयान देते हैं।

--आईएएनएस

वीकेयू/पीएम