रेमो डिसूजा ने की 'राजा शिवाजी' की तारीफ, रितेश-जेनेलिया के काम को बताया 'प्रेरणादायक'
मुंबई, 4 मई (आईएएनएस)। रितेश देशमुख द्वारा अभिनीत और निर्देशित फिल्म 'राजा शिवाजी' सिनेमाघरों में रिलीज हो चुकी है। यह फिल्म मराठा साम्राज्य के संस्थापक छत्रपति शिवाजी महाराज के जीवन पर आधारित है, जिसे दर्शकों की तरफ से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिल रही है।
मशहूर कोरियोग्राफर रेमो डिसूजा ने फिल्म के गानों को कोरियोग्राफ किया है, जिसमें अजय-अतुल द्वारा संगीतबद्ध किया गया 'राजा शिवाजी' एंथम 'छत्रपति' भी शामिल है। सोमवार को कोरियोग्राफर रेमो डिसूजा ने इंस्टाग्राम के जरिए रितेश और जेनेलिया के काम की सराहना की।
उन्होंने फिल्मा 'राजा शिवाजी' एंथम 'छत्रपति' का क्लिप शेयर करते हुए लिखा, "प्रिय रितेश, आपने जिस तकनीकी कुशलता, सोच और सच्चाई के साथ इस कहानी को जीवंत किया है, वह सच में प्रेरणादायक है। आपने सिर्फ इतिहास को नहीं दोहराया, बल्कि हमें उसे महसूस भी कराया। मेरे लिए यही एक बेहतरीन फिल्ममेकर की पहचान है।"
रेमो डिसूजा ने जेनेलिया की भी तारीफ की। उन्होंने लिखा, "जेनेलिया को भी दिल से बधाई। आपका अभिनय बहुत खूबसूरत, प्रभावशाली और सच्चाई से भरा हुआ था। यह दर्शकों के दिल में लंबे समय तक रहेगा। मुझे इस शानदार प्रोजेक्ट का हिस्सा बनाने के लिए आपका बहुत-बहुत धन्यवाद। यह अनुभव मेरे लिए शब्दों से भी ज्यादा खास है। हमेशा आभारी।"
रितेश देशमुख द्वारा निर्देशित और अभिनीत 'राजा शिवाजी' प्रमुख भारतीय ऐतिहासिक एक्शन-ड्रामा फिल्म है, जो मराठा साम्राज्य के संस्थापक छत्रपति शिवाजी महाराज के जीवन और उनके 'हिंदवी स्वराज' के सपने पर आधारित है।
फिल्म में दमदार कलाकारों की टोली है। इसमें संजय दत्त, अभिषेक बच्चन, विद्या बालन, महेश मांजरेकर, सचिन खेडेकर, बोमन ईरानी, भाग्यश्री, फरदीन खान, जितेंद्र जोशी, अमोल गुप्ते और जेनेलिया देशमुख समेत कई कलाकार अहम भूमिका में हैं। 'राजा शिवाजी' 1 मई से मराठी, हिंदी और तेलुगु भाषाओं में दुनिया भर के सिनेमाघरों में प्रदर्शित हो रही है।
--आईएएनएस
एनएस/एबीएम