अस्पताल के बेड से रेखा आर्या का जवाब, पति की पहली शादी छिपाने का आरोप; वीडियो में जाने 210 करोड़ की संपत्ति पर बोलीं- जांच करा लें
उत्तराखंड की कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने पति गिरधारी लाल से जुड़े विवाद पर शनिवार को अस्पताल के बेड से प्रेस कॉन्फ्रेंस कर अपनी बात रखी। उन्होंने पति पर पहली शादी की जानकारी छिपाने का आरोप लगाया। वहीं, करीब 210 करोड़ रुपये की कथित अवैध संपत्ति से जुड़े आरोपों पर भी जवाब दिया। रेखा आर्या ने कहा कि उनकी संपत्तियों का विवरण समय-समय पर चुनावी हलफनामों में सार्वजनिक किया गया है। अगर किसी को उनकी संपत्ति को लेकर संदेह है तो इसकी जांच कराई जा सकती है।
पति ने पहली शादी की बात छिपाई: रेखा आर्या
रेखा आर्या ने कहा कि गिरधारी लाल ने उनसे अपनी पहली शादी की जानकारी छिपाई थी। उनके मुताबिक, शादी होने और बच्चे होने के बाद उन्हें इस बारे में पता चला। उन्होंने स्पष्ट किया कि पुलिस को दी गई शिकायत में उन्होंने यह दावा नहीं किया है कि उन्हें विवाह के समय पति की पहली शादी की जानकारी थी।रेखा आर्या से सवाल किया गया कि यदि उनके पति पहले से शादीशुदा थे तो उन्होंने करीब 22 साल बाद यह मामला क्यों उठाया। इस पर उन्होंने कहा कि उन्हें विवाह से पहले पति की पहली शादी के बारे में जानकारी नहीं थी। उन्होंने अपनी शिकायत में भी यही बात स्पष्ट की है।
210 करोड़ की कथित संपत्ति पर जांच की मांग
पति की ओर से करीब 210 करोड़ रुपये की कथित अवैध संपत्ति को लेकर लगाए गए आरोपों पर रेखा आर्या ने कहा कि उनकी संपत्तियों का ब्योरा चुनावी हलफनामों के माध्यम से सार्वजनिक होता रहा है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2003, 2012, 2014 और 2022 में संपत्तियों का विवरण दिया गया था।मंत्री ने कहा कि अगर उन्हें 2027 में भी चुनाव लड़ने का मौका मिलता है तो उस समय भी अपनी संपत्तियों का ब्यो सार्वजनिक करेंगी। उन्होंने कहा कि संपत्ति को लेकर किसी के मन में संदेह है तो जांच कराई जा सकती है। हालांकि, संपत्ति से जुड़े आरोपों की वास्तविक स्थिति जांच और उपलब्ध दस्तावेजों से ही स्पष्ट हो सकेगी।
पति के आरोपों को बताया ‘मीठी धमकी’
रेखा आर्या ने पति की ओर से लगाए गए आरोपों और शिकायत वापस लेने से जुड़ी बातों पर प्रतिक्रिया देते हुए इसे ‘मीठी धमकी’ बताया। उन्होंने कहा कि वह अपनी शिकायत पुलिस को सौंप चुकी हैं और अब पुलिस तथ्यों के आधार पर कार्रवाई करेगी।मंत्री ने स्पष्ट किया कि मामले में उन्होंने कानूनी प्रक्रिया का सहारा लिया है। अब शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच करना पुलिस का काम है।
पुलिस की कार्रवाई पर टिकी नजरें
रेखा आर्या और उनके पति गिरधारी लाल के बीच विवाद के बाद मामला चर्चा में है। एक ओर मंत्री ने पहली शादी की जानकारी छिपाने का आरोप लगाया है, वहीं दूसरी ओर संपत्ति को लेकर भी आरोप-प्रत्यारोप सामने आए हैं।फिलहाल, रेखा आर्या के बयान के बाद मामले में पुलिस की जांच और आगे की कार्रवाई महत्वपूर्ण होगी। आरोपों की पुष्टि जांच के निष्कर्षों और संबंधित दस्तावेजों के आधार पर ही हो सकेगी।