☰
×

रावलपिंडी टेस्ट: साकिब खान ने कराई पाकिस्तान की वापसी, श्रीलंका पहली पारी में 12 रन की मामूली बढ़त

 

रावलपिंडी, 12 नवंबर (आईएएनएस)। पाकिस्तान के खिलाफ रावलपिंडी में खेले जा रहे टेस्ट मैच में तीसरे दिन की समाप्ति के समय श्रीलंका ने 4 विकेट पर 404 रन बनाए थे। माना जा रहा था कि श्रीलंका पाकिस्तान पर बड़ी बढ़त लेगी, लेकिन चौथे दिन के पहले घंटे में ही श्रीलंकाई पारी सिमट गई।

श्रीलंका ने चौथे दिन की शुरुआत 4 विकेट पर 404 रन से की थी। धनंजय डिसिल्वा 167 और कप्तान कुसाल मेंडिस 117 रन पर नाबाद थे। दोनों बल्लेबाजों पर श्रीलंका को बड़ी बढ़त दिलाने की जिम्मेदारी थी, लेकिन ऐसा नहीं हो सका। डिसिल्वा अपने स्कोर में बिना इजाफा किए आउट हुए तो मेंडिस 2 रन जोड़कर 119 रन पर आउट हो गए।

दोनों को साकिब खान ने चलता किया। इसके बाद कोई श्रीलंकाई बल्लेबाज नहीं चला। दिन की शुरुआत 4 विकेट पर 404 रन से करने वाली श्रीलंका 446 रन पर सिमट गई। पहली पारी में श्रीलंका को 12 रन की मामूली बढ़त मिली है।

पाकिस्तान की मैच में वापसी दाएं हाथ के तेज गेंदबाज साकिब खान ने कराई। साकिब ने 34 ओवर में 130 रन देकर 7 विकेट लिए। दिन के 6 विकेट में 5 विकेट साकिब ने निकाले। 2 विकेट मोहम्मद अब्बास और 1 विकेट रजाउल्लाह को मिला।

पाकिस्तान ने अपनी पहली पारी 9 विकेट पर 434 रन बनाकर घोषित की थी। पाकिस्तान के लिए तैयब आरिफ ने 57, मोहम्मद ताहा ने 51, कप्तान बाबर आजम ने 50, सऊद शकील ने 93 और अराफात मिन्हास ने 52 रन बनाए थे।

श्रीलंका के लिए असिथा फर्नांडो और दिलशान मदुशंका ने 3-3 विकेट लिए। लाहिरू कुमारा, मिलान रथनायके और सोनल दिनुशा ने 1-1 विकेट लिए थे।

रिपोर्ट लिखे जाने तक पाकिस्तान ने अपनी दूसरी पारी में 1 विकेट के नुकसान पर 20 रन बना लिए थे।

--आईएएनएस

पीएके