×

राष्ट्रीय सुरक्षा में योगदान के लिए लोकमान्य तिलक पुरस्कार से सम्मानित होंगे अजीत डोभाल, अमित शाह देंगे पुरस्कार

 

पुणे, 31 जुलाई (आईएएनएस)। राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल को उनकी देश सेवा और राष्ट्रीय सुरक्षा में अहम योगदान के लिए प्रतिष्ठित ‘लोकमान्य तिलक राष्ट्रीय पुरस्कार 2026’ से सम्मानित किया जाएगा। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह 1 अगस्त को पुणे में आयोजित एक समारोह में उन्हें यह पुरस्कार प्रदान करेंगे।

पुरस्कार समारोह महाराष्ट्र मंडल ग्राउंड, गुलटेकड़ी, पुणे में शनिवार सुबह 11:15 बजे होगा। इस मौके पर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और सुनेत्रा पवार भी मौजूद रहेंगे। 81 वर्षीय अजीत डोभाल भारत के सबसे लंबे समय तक सेवा देने वाले राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार हैं और अभी भी इस पद पर बने हुए हैं।

अपने लंबे करियर में उन्होंने मिजोरम, सिक्किम, पंजाब और जम्मू-कश्मीर जैसे संवेदनशील इलाकों में काम किया है। इस्लामाबाद और लंदन में भारतीय मिशनों में भी उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही। डोभाल भारत-चीन सीमा वार्ता के लिए भारत के विशेष प्रतिनिधि भी रह चुके हैं। 2017 में डोकलाम गतिरोध को कूटनीतिक तरीके से सुलझाने में उनकी भूमिका को विशेष रूप से सराहा गया था। राष्ट्रीय सुरक्षा के मोर्चे पर उनके रणनीतिक फैसलों और आतंकवाद विरोधी अभियानों के लिए उन्हें यह सम्मान दिया जा रहा है।

लोकमान्य तिलक पुरस्कार की शुरुआत वर्ष 1983 में महाराष्ट्र मंडल, पुणे द्वारा की गई थी। यह पुरस्कार हर साल 1 अगस्त को स्वतंत्रता सेनानी बाल गंगाधर तिलक की पुण्यतिथि पर उन व्यक्तियों को दिया जाता है जिन्होंने राष्ट्र की प्रगति, विकास और सामाजिक उत्थान में उल्लेखनीय योगदान दिया हो। सबसे पहले यह पुरस्कार समाजवादी नेता एसएम जोशी को प्रदान किया गया था।

पिछले वर्षों में यह पुरस्कार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी, मनमोहन सिंह और इंदिरा गांधी, पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी और एनसीपी के वरिष्ठ नेता शरद पवार सहित कई प्रतिष्ठित हस्तियों को मिल चुका है।

कार्यक्रम के आयोजकों ने बताया कि इस वर्ष अजीत डोभाल को राष्ट्रीय सुरक्षा, आतंकवाद विरोध और देश की एकता-अखंडता को मजबूत करने में उनके योगदान के लिए चुना गया है। गृह मंत्री अमित शाह समारोह में मुख्य अतिथि होंगे और खुद अजीत डोभाल को सम्मानित करेंगे। महाराष्ट्र सरकार के वरिष्ठ मंत्री और गणमान्य लोग भी इस कार्यक्रम में शामिल होंगे।

--आईएएनएस

एससीएच/पीएम