×

राष्ट्रपति से मिले राघव चड्ढा, बोले-पंजाब सरकार कर रही एजेंसियों का दुरुपयोग

 

नई दिल्ली, 5 मई (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी के नेता और राज्यसभा सदस्य राघव चड्ढा ने आम आदमी पार्टी (आप) और पंजाब सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि 'आप' की पंजाब सरकार राज्य की मशीनरी का दुरुपयोग कर रही है और विरोध करने वाले नेताओं को निशाना बना रही है।

राघव चड्ढा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट करते हुए बताया कि उन्होंने तीन अन्य सांसदों के साथ भारत की राष्ट्रपति से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने राष्ट्रपति को बताया कि 'आप' की पंजाब सरकार उनके संवैधानिक अधिकारों का प्रयोग करने पर उनके खिलाफ कार्रवाई कर रही है, खासकर तब जब दो-तिहाई सांसदों ने भाजपा में शामिल होने का फैसला लिया।

उन्होंने 'एक्स' पोस्ट में लिखा कि जिस पार्टी ने कभी 'बदले की राजनीति' का आरोप लगाया था, वही अब सबसे 'विषैला रूप' अपनाकर बदले की राजनीति कर रही है। उन्होंने यह भी कहा कि राष्ट्रपति ने उन्हें आश्वस्त किया है कि संवैधानिक अधिकारों और लोकतांत्रिक फैसलों का सम्मान होना चाहिए।

राघव चड्ढा ने 'आप' पर तंज कसते हुए कहा कि आज पार्टी किसी राजनीतिक संगठन की तरह नहीं, बल्कि एक नाराज और आहत पूर्व साथी की तरह व्यवहार कर रही है, जो कड़वाहट और बदले की भावना से भरी हुई है।

वहीं, दिल्ली में मीडिया से बातचीत के दौरान भी उन्होंने 'आप' पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा, "मैं आम आदमी पार्टी से कहना चाहता हूं कि पंजाब पुलिस का सहारा लेकर जो कार्रवाई की जा रही है, वह बहुत खतरनाक खेल है। जब तक हम आपके साथ थे, तब सब ठीक था, और अब अलग हो गए तो हम भ्रष्ट हो गए?"

उन्होंने आरोप लगाया कि पंजाब सरकार की एजेंसियों और सरकारी धन का दुरुपयोग किया जा रहा है। आम आदमी पार्टी अब भ्रष्ट लोगों के हाथों में है। उन्होंने यह भी कहा कि 'आप' के पास सिर्फ एक राज्य की सरकार और पुलिस है, जबकि भाजपा के पास 21 राज्यों में सरकारें और उनकी पुलिस है।

राघव चड्ढा ने कहा कि 'आप' की पंजाब सरकार 'चंद महीनों की सरकार' है, जिससे संकेत मिलता है कि राज्य की राजनीति में आगे और बड़े बदलाव देखने को मिल सकते हैं।

--आईएएनएस

वीकेयू/एएस