×

राष्ट्रपति मुर्मु बेंगलुरु से नई दिल्ली के लिए रवाना, एयरपोर्ट पर राज्यपाल और सीएम शिवकुमार ने दी विदाई

 

बेंगलुरु, 1 जुलाई (आईएएनएस)। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू बुधवार को बेंगलुरु के एचएएल एयरपोर्ट से विशेष भारतीय वायुसेना के विमान से नई दिल्ली के लिए रवाना हुईं। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु इससे पहले आंध्र प्रदेश के केंद्रीय जनजातीय विश्वविद्यालय के पहले दीक्षांत समारोह में शामिल होने के बाद बेंगलुरु पहुंची थीं। यहां से उन्होंने नई दिल्ली के लिए उड़ान भरी।

बता दें कि राष्ट्रपति ने अपने आंध्र प्रदेश दौरे के दौरान विजयनगरम (विशाखापत्तनम के पास) में केंद्रीय जनजातीय विश्वविद्यालय के प्रथम दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में हिस्सा लिया। इस समारोह में उन्होंने छात्रों को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जुड़े रहने और समाज व राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।

एचएएल एयरपोर्ट पर राष्ट्रपति को विदा करने के लिए कर्नाटक के राज्यपाल थावरचंद गहलोत और मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार मौजूद रहे। इस दौरान कर्नाटक के परिवहन मंत्री भैरती सुरेश, राज्य के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) डॉ. एमए सलीम, एयर वाइस मार्शल डीएस डांगी, मेजर जनरल मोहित महेंद्रू, बेंगलुरु पुलिस आयुक्त सीमांत कुमार सिंह और बेंगलुरु के उपायुक्त कांताराजू पी.एस. सहित कई वरिष्ठ प्रशासनिक और सैन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।

उधर, कर्नाटक के मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर राष्ट्रपति को विदाई देने की जानकारी साझा की। उन्होंने अपने पोस्ट में लिखा कि उन्होंने राज्यपाल थावरचंद गहलोत के साथ मिलकर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को सम्मानपूर्वक और गर्मजोशी के साथ विदाई दी।

राष्ट्रपति मुर्मु की यात्रा और विदाई के दौरान एयरपोर्ट पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में सभी औपचारिकताएं पूरी की गईं और इसके बाद राष्ट्रपति भारतीय वायुसेना के विशेष विमान से नई दिल्ली के लिए रवाना हो गईं।

--आईएएनएस

वीकेयू/पीएम