हमारा राष्ट्र विज्ञान, नवाचार और प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में लगातार महत्वपूर्ण प्रगति कर रहा : उपराष्ट्रपति राधाकृष्णन
नई दिल्ली, 11 मई (आईएएनएस)। उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन ने सोमवार को राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी दिवस के मौके पर देश के सभी वैज्ञानिकों, इंजीनियरों, नवप्रवर्तकों और शोधकर्ताओं को शुभकामनाएं दी।
एक्स पर पोस्ट में उपराष्ट्रपति ने लिखा कि 1998 में इसी दिन पोखरण टेस्ट रेंज में किए गए परमाणु परीक्षणों ने दुनिया को भारत की असाधारण वैज्ञानिक और तकनीकी क्षमता से परिचित कराया। यह हमारे राष्ट्र की आत्मनिर्भरता और रणनीतिक शक्ति की ओर की यात्रा में एक निर्णायक क्षण था। हमारे देश के लोगों की प्रतिभा और समर्पण की शक्ति से प्रेरित होकर, हमारा राष्ट्र विज्ञान, नवाचार और प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में लगातार महत्वपूर्ण प्रगति कर रहा है। कामना है कि भारत राष्ट्रीय विकास और मानवता की प्रगति के लिए नए-नए कीर्तिमान स्थापित करता रहे।
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने एक पोस्ट में लिखा कि राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी दिवस के अवसर पर समस्त वैज्ञानिकों, शोधकर्ताओं, नवाचारकर्ताओं एवं प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में कार्यरत सभी कर्मयोगियों को शुभकामनाएं। प्रौद्योगिकी केवल विकास का माध्यम नहीं बल्कि विकसित भारत के संकल्प को साकार करने की सबसे बड़ी शक्ति बन चुकी है। पीएम मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में आज भारत तकनीक और नवाचार के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को छू रहा है। डिजिटल इंडिया, स्टार्टअप, सेमीकंडक्टर, अंतरिक्ष अनुसंधान, 5जी और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जैसे क्षेत्रों में देश तेजी से आत्मनिर्भर और विश्व के अग्रणी राष्ट्र के रूप में उभर रहा है।
वहीं, हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी ने लिखा कि राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी दिवस की बधाई एवं शुभकामनाएं। वर्ष 1998 में आज ही के दिन पोखरण-II का सफल परीक्षण किया गया था। आइए, इस गौरवपूर्ण अवसर पर हम उन सभी महान विभूतियों को नमन करें, जिनके समर्पण और नवाचार ने भारत को विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में निरंतर नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का कार्य किया है।
उधर, मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने एक्स पर पोस्ट में लिखा कि समस्त देशवासियों एवं प्रतिभावान वैज्ञानिकों को 'राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी दिवस' की बधाई। पीएम मोदी के नेतृत्व में भारत 'तकनीक' और 'नवाचार' के क्षेत्र में विश्व का नेतृत्व कर रहा है। आज का दिन हमारे सभी वैज्ञानिकों और इंजीनियरों के कौशल को नमन करने का है, जिन्होंने अपनी दूरदर्शिता से भारत को सामरिक और तकनीकी रूप से शक्तिशाली बनाया है।
वहीं, बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने एक्स पर पोस्ट में लिखा कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के कुशल व दूरदर्शी नेतृत्व और पूर्व राष्ट्रपति एपीजे अब्दुल कलाम के वैज्ञानिक मार्गदर्शन में 11 मई 1998 को सफल पोखरण परमाणु परीक्षण ने भारत की शक्ति, आत्मनिर्भरता और वैज्ञानिक सामर्थ्य को विश्व पटल पर नई पहचान दिलाई थी। राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी दिवस के पावन अवसर पर देश के सभी वैज्ञानिकों, शोधकर्ताओं, अभियंताओं व तकनीक के प्रति समर्पित विशेषज्ञों को हृदय से नमन एवं अनंत शुभकामनाएं। आप सभी के अथक प्रयासों से भारत निरंतर नवाचार, विज्ञान और तकनीकी विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है।
--आईएएनएस
डीकेएम/पीएम