☰
×

रणजी ट्रॉफी: सात मुकाबले ड्रॉ पर समाप्त, जीत से सिर्फ 3 विकेट से दूर रह गई एमपी

 

नई दिल्ली, 14 अक्टूबर (आईएएनएस)। रणजी ट्रॉफी एलीट 2026-27 में बुधवार को 7 मुकाबले ड्रॉ पर समाप्त हुए। इस दौरान मध्य प्रदेश बनाम जम्मू और कश्मीर का मैच बेहद रोमांचक रहा, जिसमें मध्य प्रदेश सिर्फ 3 विकेट से जीत से वंचित रह गई। आइए, ड्रॉ हुए मुकाबलों पर एक नजर डालते हैं।

मध्य प्रदेश बनाम जम्मू और कश्मीर: श्रीनगर स्थित शेर-ए-कश्मीर स्टेडियम में मध्य प्रदेश ने अपनी पहली पारी में सिर्फ 196 रन बनाए थे, लेकिन इसके जवाब में जम्मू और कश्मीर की टीम 120 रन पर ढेर हो गई। मध्य प्रदेश के पास पहली पारी के आधार पर 76 रन की बढ़त थी। इस टीम ने दूसरी पारी 249/6 के स्कोर पर घोषित करते हुए विपक्षी टीम को जीत के लिए 326 रन का टारगेट दिया। चौथे दिन की समाप्ति तक जम्मू और कश्मीर ने 34 ओवरों में सिर्फ 88 रनों तक 7 विकेट गंवा दिए थे, लेकिन मध्य प्रदेश की टीम जीत से महज 3 विकेट दूर रह गई।

झारखंड बनाम केरल: एलीट ग्रुप-सी के इस मुकाबले में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी झारखंड ने शिखर मोहन (143), आदित्य चंद्रेश सिंह (147) और कप्तान विराट सिंह (108) की शानदार पारियों के दम पर पहली पारी में 587 रन बनाए। विपक्षी खेमे से वैशाख चंद्रन ने 5 विकेट झटके।

इसके जवाब में केरल पहली पारी में 395 रन पर सिमट गई, जिसके लिए अभिषेक नायर ने 126 रन और आदित्य सरवते ने 95 की पारी खेली। मनीषी और उत्कर्ष सिंह को 4-4 विकेट हाथ लगे।

जमशेदपुर स्थित कीनन स्टेडियम में झारखंड के पास पहली पारी के आधार पर 192 रन की बढ़त थी। इसके बाद टीम ने केरल को फॉलोऑन खेलने पर मजबूर किया। मुकाबले की समाप्ति तक केरल ने 19.3 ओवरों का सामना करते हुए 2 विकेट खोकर 62 रन बनाए और मैच बेनतीजा रहा।

तमिलनाडु बनाम राजस्थान: जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में खेले गए 'एलीट ग्रुप-डी' के इस मुकाबले में राजस्थान ने पहली पारी में 363 रन बनाए। इसके जवाब में तमिलनाडु सिर्फ 274 रन पर सिमट गई।

राजस्थान के पास पहली पारी के आधार पर 89 रन की बढ़त थी। इस टीम ने अपनी दूसरी पारी 192/6 के स्कोर पर घोषित करते हुए तमिलनाडु को जीत के लिए 282 रन का टारगेट दिया। तमिलनाडु ने अपनी दूसरी पारी में 23 ओवरों में बिना कोई विकेट खोए 73 रन बना लिए थे, जिसके बाद यह मुकाबला ड्रॉ पर समाप्त हुआ।

रेलवे बनाम उत्तराखंड: मुंबई स्थित ब्रेबोर्न स्टेडियम में टॉस गंवाकर बल्लेबाजी के लिए उतरी रेलवे की टीम ने पहली पारी में विवेक सिंह (112) के शतक के साथ 278 रन बनाए। देवेंद्र सिंह बोरा ने 49 रन देकर 5 विकेट निकाले। इसके जवाब में उत्तराखंड ने 470 रन बनाकर मैच में अपना दबदबा बना लिया था। रेलवे ने चौथे दिन की समाप्ति तक अपनी दूसरी पारी में 86 ओवरों का सामना किया और 4 विकेट खोकर 272 रन बनाए। इसी के साथ मैच बेनतीजा रहा।

सौराष्ट्र बनाम छत्तीसगढ़: एलीट ग्रुप-बी का यह मुकाबला राजकोट स्थित निरंजन शाह स्टेडियम में खेला गया, जिसमें टॉस गंवाकर बल्लेबाजी करने उतरी सौराष्ट्र ने पहली पारी में रवींद्र जडेजा (102) और प्रेरक मांकड़ (129) की शतकीय पारियों के साथ 392 रन बनाए। देव आदित्य सिंह ने 67 रन देकर 5 विकेट हासिल किए।

इसके जवाब में छत्तीसगढ़ अपनी पहली पारी में 312 रन पर सिमट गई। मुकाबले के अंतिम दिन सौराष्ट्र ने दूसरी पारी में शानदार बल्लेबाजी करते हुए 67 ओवरों में 229/1 का स्कोर बनाया, लेकिन मुकाबला ड्रॉ रहा।

आंध्र बनाम कर्नाटक: विजयवाड़ा स्थित डॉ. गोकाराजू लैला गंगाराजू एसीए क्रिकेट ग्राउंड पर खेले गए इस मैच में कर्नाटक की टीम कप्तान स्मरण रविचंद्रन (126) की शतकीय पारी के बावजूद महज 274 रन पर सिमट गई। इसके जवाब में आंध्र ने अपनी पहली पारी में 418 रन बनाकर मजबूत पकड़ बना ली। इस पारी में शिखर शेट्टी ने 6 विकेट अपने नाम किए।

कर्नाटक ने करुण नायर (नाबाद 155) की शतकीय पारी की बदौलत अपनी दूसरी पारी 337/9 के स्कोर पर घोषित की। इसके जवाब में आंध्र ने चौथे दिन की समाप्ति तक 44 ओवरों का सामना करते हुए 4 विकेट खोकर 104 रन बनाए और मैच ड्रॉ रहा।

पंजाब बनाम असम: न्यू चंडीगढ़ स्थित पीसीए इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में एलीट ग्रुप-बी के मैच में असम ने पहली पारी में 373 रन बनाए। इस दौरान डेनिश दास (103) और सिबशंकर रॉय (143) ने शतक जड़े। इसके जवाब में पंजाब ने तीन बल्लेबाजों के शतक (विहान मल्होत्रा, सलिल अरोड़ा और इमानजोत सिंह चहल) की मदद से अपनी पारी 478/6 के स्कोर पर घोषित की। असम ने चौथे दिन की समाप्ति तक 61 ओवरों का सामना करते हुए 157/6 का स्कोर बनाया और मैच ड्रॉ पर समाप्त हुआ।

--आईएएनएस

आरएसजी