×

रणजी ट्रॉफी फाइनल: जम्मू-कश्मीर के कप्तान पारस डोगरा ने कर्नाटक के खिलाड़ी को मारा धक्का, सामने आई वजह

 

हुबली, 25 फरवरी (आईएएनएस)। कर्नाटक और जम्मू-कश्मीर के बीच रणजी ट्रॉफी 2025-26 का फाइनल मुकाबला हुबली के डी.आर. बेंद्रे क्रिकेट स्टेडियम में खेला जा रहा है। मैच के दूसरे दिन सुबह-सुबह जम्मू-कश्मीर के कप्तान पारस डोगरा ने अपना आपा खो दिया और कर्नाटक के एक क्षेत्ररक्षक को सिर से टक्कर मार दी। इस घटना के बाद विवाद की स्थिति पैदा हो गई।

घटना जम्मू-कश्मीर की पारी के 101वें ओवर में हुई, जब डोगरा और कन्हैया वधावन बल्लेबाजी कर रहे थे। प्रसिद्ध कृष्णा की गेंद पर डोगरा ने किनारा करके चौका मारा, जिसके बाद डोगरा और फॉरवर्ड शॉर्ट लेग पर खड़े फील्डर केवी अनीश के बीच कुछ कहासुनी हुई। डोगरा सीधे अनीश पर झपटे और उनको सिर से मारा। बाद में मयंक अग्रवाल ने बीच-बचाव किया।

इसकी वजह केवी अनीश द्वारा लगातार भड़काऊ शब्दों को बताया जा रहा है। लंबे समय तक भड़काऊ शब्द सुनने के बाद डोगरा अपना आपा खो बैठे और हमलावर हो गए।

बाद में अंपायरों ने बीच-बचाव किया। ओवर के बाद, डोगरा ने माफी मांगी। हालांकि, अनीश माफ करने के लिए तैयार नहीं थे। इससे पहले, पहले दिन, वैशाक विजयकुमार की एक उछलती हुई बाउंसर डोगरा के ग्लव पर लगी, जिससे उन्हें पहले दिन 48 गेंदों पर 9 रन बनाकर रिटायर हर्ट होना पड़ा था।

डोगरा और अनीश के बीच हुई घटना के बाद एक और घटना हुई। तेज गेंदबाज विजयकुमार वैशाक और वधावन एक दूसरे से टकरा गए। वधावन के सिंगल रन दौड़ने के समय यह घटना हुई। सिंगल लेने के रास्ते में उसकी बाईं कोहनी पेसर से टकरा गई। दोनों खिलाड़ी आमने-सामने आ गए।

जम्मू-कश्मीर पहली बार रणजी ट्रॉफी के फाइनल में पहुंची है और कर्नाटक को कड़ी टक्कर दे रही है। टॉस जीतने के बाद बल्लेबाजी करते हुए जम्मू-कश्मीर ने दूसरे दिन के 139 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर 464 रन बना लिए थे।

शुभम पुंडिर ने 121 रन बनाकर आउट हुए। अब्दुल समद 61 और यावर हसन 88 और कन्हैया वधावन 70 रन बनाकर आउट हुए। पारस डोगरा 65 रन बनाकर और साहिल लोतरा 25 रन बनाकर खेल रहे थे।

--आईएएनएस

पीएके