☰
×

रणजी ट्रॉफी एलीट 2026-27: मुंबई ने हिमाचल को पारी के अंतर से रौंदा, अंतिम दिन 4 मुकाबलों के निकले नतीजे

 

नई दिल्ली, 21 अक्टूबर (आईएएनएस)। रणजी ट्रॉफी 2026-27 में बुधवार को चार बड़े मुकाबलों के नतीजे निकले। मुंबई ने अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए हिमाचल प्रदेश को हराया। वहीं, केरल और पंजाब ने भी बड़ी जीत दर्ज की।

मुंबई बनाम हिमाचल प्रदेश: रणजी ट्रॉफी एलीट के ग्रुप डी में मुंबई ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए हिमाचल प्रदेश को एक पारी और 97 रनों से हराया। पहली पारी में हिमाचल की पूरी टीम सिर्फ 140 रन बनाकर ऑलआउट हुई। इसके जवाब में मुंबई ने सरफराज खान की 154 रनों की लाजवाब पारी के बूते 8 विकेट खोकर 528 रन बनाने के बाद अपनी पारी को घोषित किया। दूसरी पारी में भी हिमाचल प्रदेश के बल्लेबाजों का प्रदर्शन निराशाजनक रहा और पूरी टीम 291 रन बनाकर ऑलआउट हुई।

केरल बनाम ओडिशा: ग्रुप सी के मुकाबले में केरल ने दमदार प्रदर्शन करते हुए ओडिशा को एक पारी में 36 रनों से रौंदा। केरल ने पहली पारी में 404 रन बनाए, जिसके जवाब में ओडिशा की पूरी टीम 225 रन बनाकर ऑलआउट हुई। ओडिशा को फॉलोऑन खेलने के लिए मजबूर होना पड़ा और टीम दूसरी पारी में 143 रन बनाकर सिमटी। केरल की जीत के नायक मोहम्मद अजहरुद्दीन रहे, जिन्होंने 139 रनों की लाजवाब पारी खेली।

पंजाब बनाम छत्तीसगढ़: रणजी ट्रॉफी एलीट के ग्रुप बी में पंजाब ने छत्तीसगढ़ को 7 विकेट से शिकस्त दी। पंजाब के लिए इस मुकाबले में शुभमन गिल मैदान पर उतरे। हालांकि, वह पहली पारी में कुछ खास कमाल नहीं दिखा सके और सिर्फ एक रन बनाकर आउट हुए। वहीं, दूसरी इनिंग में वह बल्लेबाजी करने नहीं उतरे। पंजाब ने पहली पारी में 456 रन बनाए, जिसके जवाब में छत्तसीगढ़ की पूरी टीम 206 रन बनाकर ऑलआउट हुई। छत्तीसगढ़ को फॉलोऑन खेलने के लिए मजबूर होना पड़ा और टीम ने 335 रन बनाए। हालांकि, पंजाब ने 3 विकेट खोकर 86 रन बनाते हुए लक्ष्य को आसानी से हासिल कर लिया।

हैदराबाद बनाम आंध्र: ग्रुप बी के मुकाबले में हैदराबाद ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए आंध्र को 267 रनों से हराया। पहली पारी में हैदराबाद में 275 रन बनाए, जिसके जवाब में आंध्र की पूरी टीम 184 रन बनाकर सिमटी। दूसरी इनिंग में 7 विकेट खोकर 306 रन बनाने के बाद हैदराबाद ने अपनी पारी को घोषित किया। लक्ष्य का पीछा करते हुए आंध्र की पूरी टीम महज 130 रन बनाकर ढेर हो गई।

--आईएएनएस

एसएम/डीकेपी