रानी चटर्जी ने शेयर किया 'लखनऊ की बड़की पटना की छोटकी' का बीटीएस वीडियो
मुंबई, 30 मई (आईएएनएस)। भोजपुरी सिनेमा की लोकप्रिय अभिनेत्री रानी चटर्जी इन दिनों अपनी फिल्म 'लखनऊ की बड़की पटना की छोटकी' को लेकर चर्चा में हैं। शनिवार को अभिनेत्री ने सोशल मीडिया पर फिल्म के धमाकेदार गाने 'यू. पी. वाली बिहार वाली' का पर्दे के पीछे का वीडियो शेयर किया।
इंस्टाग्राम पर शेयर किए गए वीडियो में रानी के साथ उनकी सह-कलाकार संजना भी नजर आ रही हैं। दोनों अभिनेत्रियां गाने की धुन पर अच्छे से परफॉर्म करती दिख रही हैं। इसमें फिल्म के डायरेक्टर (निर्देशक) दोनों अभिनेत्रियों को गाने के स्टेप्स और उसके पीछे के भावों को गहराई से समझाते हुए दिखाई दे रहे हैं।
वीडियो पोस्ट कर अभिनेत्री ने फैंस से पूछते हुए लिखा, "क्या आपने गाना सुना?"
इस फिल्म में रानी उत्तर प्रदेश की रहने वाली हैं जबकि संजना बिहार की रहने वाली हैं। यह कहानी एक ही घर में रहने वाली दो अलग-अलग राज्यों की बहू के बीच होने वाली छोटी-छोटी नोकझोंक और प्यार भरे झगड़ों पर आधारित है। इसमें दिखाया गया है कि कैसे एक तरफ लखनऊ की शानोशौकत वाली यूपी की लड़की और दूसरी तरफ अपनी सादगी और परंपराओं को मानने वाली बिहार की लड़की के बीच मजेदार मुकाबले होते हैं।
'लखनऊ की बड़की पटना की छोटकी' के निर्देशक मंजुल ठाकुर हैं जबकि फिल्म के निर्माता संदीप सिंह और मंजुल ठाकुर हैं। फिल्म की कहानी अरविंद तिवारी ने लिखी है। फिल्म में रानी चटर्जी और संजना सिंह के अलावा प्रशांत सिंह, अलोक सिंह, रीना रानी, ललित उपाध्याय, श्वेता वर्मा और प्रेम दुबे भी हैं।
फिल्म में रानी चटर्जी जेठानी के किरदार में हैं तो संजना पांडे देवरानी के किरदार में हैं। दोनों ही भोजपुरी इंडस्ट्री की लोकप्रिय अभिनेत्रियों में शुमार हैं। फिल्म का पहले नाम 'यू. पी. वाली बिहार वाली' था लेकिन मेकर्स ने रिलीज से पहले ही इसका नाम बदलकर 'लखनऊ की बड़की पटना की छोटकी' रख दिया था। फिल्म का वर्ल्ड टेलीविजन प्रीमियर 23 मई और 24 मई को बी4यू भोजपुरी चैनल पर हुआ था, जिसके बाद इसे दर्शकों की तरफ से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिल रही है।
--आईएएनएस
एनएस/पीएम