×

रंगदारी मांगने वाले दो आरोपी गिरफ्तार, रेस्टोरेंट संचालकों और ठेला कारोबारियों को करते थे परेशान

 

ग्रेटर नोएडा, 4 जून (आईएएनएस)। ग्रेटर नोएडा के नॉलेज पार्क थाने की पुलिस ने क्षेत्र में रेस्टोरेंट संचालकों और ठेला कारोबारियों से रंगदारी वसूलने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी लंबे समय से व्यापारियों को डरा-धमकाकर हर महीने 20 से 25 हजार रुपए की रंगदारी मांग रहे थे। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की और कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, क्षेत्र के कई रेस्टोरेंट संचालकों एवं ठेला लगाने वाले लोगों ने आरोप लगाया था कि कुछ व्यक्ति लगातार उन्हें धमकाकर धन उगाही का प्रयास कर रहे हैं। यदि रंगदारी नहीं दी जाती थी तो उन्हें गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी जाती थी। पीड़ितों द्वारा दी गई तहरीर के आधार पर थाना नॉलेज पार्क में मुकदमा दर्ज किया गया।

नॉलेज पार्क थाने की पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए लोकल इंटेलिजेंस और गोपनीय सूचना तंत्र को सक्रिय किया। जांच के दौरान प्राप्त साक्ष्यों और सूचनाओं के आधार पर पुलिस टीम ने सेक्टर-150 नोएडा क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मोनिंद्र पुत्र महरचंद और नरेंद्र पुत्र महरचंद निवासी गढ़ी समस्तीपुर, थाना नॉलेज पार्क, जनपद गौतमबुद्धनगर के रूप में हुई है। पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी मोनिंद्र का आपराधिक इतिहास रहा है। उसके विरुद्ध वर्ष 2025 में गुंडा एक्ट के तहत भी कार्रवाई की जा चुकी है। इसके अलावा दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना नॉलेज पार्क में पूर्व में भी कई मुकदमे दर्ज हैं। इनमें मारपीट, धमकी, अवैध दबाव बनाने और अन्य आपराधिक गतिविधियों से जुड़े मामले शामिल हैं।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने और व्यापारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए ऐसे असामाजिक तत्वों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

--आईएएनएस

पीकेटी/डीकेपी