☰
×

रांची : विधानसभा से एमएमडीआर संशोधन कानून वापस लेने का संकल्प पारित, सीएम सोरेन बोले- क्षतिपूर्ति राशि भीख नहीं

 

रांची, 26 नवंबर (आईएएनएस)। झारखंड विधानसभा ने केंद्र के एमएमडीआर (माइन्स एंड मिनरल्स- डेवलपमेंट एंड रेगुलेशन) संशोधन कानून को वापस लेने या उस पर पुनर्विचार करने की मांग का संकल्प प्रस्ताव पारित किया है। विधानसभा के दो दिवसीय विशेष सत्र के दूसरे दिन गुरुवार को मुख्यमंत्र हेमंत सोरेन ने यह प्रस्ताव रखा था, जिसपर हुई चर्चा का जवाब देते हुए उन्होंने कहा कि खनिज संपदा से होने वाले नुकसान की क्षतिपूर्ति राज्य का अधिकार है, भीख नहीं।

मुख्यमंत्री के संबोधन के दौरान भारतीय जनता पार्टी के विधायकों ने राज्य सरकार पर एमएमडीआर एक्ट को लेकर भ्रम फैलाने का आरोप लगाते हुए सदन का बहिष्कार कर दिया।

सीएम हेमंत सोरेन ने कहा कि राज्य ने खनिज संपदा से होने वाले नुकसान की क्षतिपूर्ति के लिए कानूनी लड़ाई लड़ी। जब राज्य की मांग तेज हुई, तो केंद्र कानून में संशोधन लेकर आ गया। उन्होंने कहा क्षतिपूर्ति की राशि हमारा हक है। यह राशि राज्य के खजाने में अतिरिक्त पैसा आने का मामला नहीं, बल्कि खनन से हुए नुकसान की भरपाई है।

मुख्यमंत्री ने केंद्र पर कानूनी रास्ते से राज्य की मांगों को रोकने में विफल रहने के बाद कानून में संशोधन कर झारखंड के अधिकार सीमित करने का आरोप लगाया। एसआईआर की प्रक्रिया पर भी उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि सरकार इसका विरोध नहीं करती, लेकिन इसके तरीके में स्थानीय परिस्थितियों का ध्यान रखा जाना चाहिए। झारखंड की सामाजिक, भौगोलिक और भाषाई परिस्थितियां अलग हैं। राज्य में ऐसे गांव हैं, जहां के लोगों ने जिला मुख्यालय तक नहीं देखा है। ऐसे इलाकों में स्थानीय परिस्थितियों को ध्यान में रखे बिना प्रक्रिया चलाना उचित नहीं है।

उन्होंने कहा कि संविधान ने निरक्षर लोगों को भी मतदान का अधिकार दिया है। लोकतंत्र में ठेला चलाने वाले और बड़े पूंजीपति के वोट का मूल्य समान है। मुख्यमंत्री ने दावा किया कि मतदाता सूची से वास्तविक और वैध मतदाताओं के नाम भी हटाए गए हैं। उन्होंने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि आयोग से जुड़े मुद्दों पर सवाल उठाने पर जवाब देने को कोई तैयार नहीं होता।

मुख्यमंत्री ने विपक्ष के सदन से वॉकआउट करने पर भी नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि संवेदनशील संवैधानिक विषयों पर चर्चा के दौरान विपक्ष का सदन से बाहर जाना चिंताजनक है। केंद्र सरकार की व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए उन्होंने केंद्रीकरण की प्रवृत्ति पर भी निशाना साधा।

संविधान दिवस के अवसर पर सदन में अपनी बात रखते हुए सीएम हेमंत सोरेन ने कहा कि संविधान की प्रस्तावना में शामिल ‘हम भारत के लोग’ शब्दों के मायने व्यापक हैं। संविधान ने नागरिकों को अधिकार दिए हैं और राज्य को भी अपने संवैधानिक अधिकारों की रक्षा करने का हक है। उन्होंने कहा कि झारखंड देश के विकास में बाधा नहीं बनना चाहता, लेकिन राज्य के अधिकारों को सीमित करने की कोशिश स्वीकार नहीं की जा सकती।

--आईएएनएस

एसएनसी/डीकेपी