×

रांची : तेज रफ्तार हाइवा से कुचलकर बाइक सवार दंपती की मौत, विरोध में ग्रामीणों ने किया सड़क जाम

 

रांची, 13 सितंबर (आईएएनएस)। रांची जिले के सोनाहातू थाना क्षेत्र में रविवार को तेज रफ्तार हाइवा ने बाइक सवार पति-पत्नी को कुचल दिया। हादसे में महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल पति ने अस्पताल ले जाने के दौरान दम तोड़ दिया।

हादसे के बाद गुस्साए परिजनों और ग्रामीणों ने सिल्ली-रांगामाटी मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। घटना सोनाहातू थाना क्षेत्र के बारेंदा टोला देवानसारणा के पास हुई। मृतकों की पहचान पश्चिम बंगाल के झालदा थाना क्षेत्र के कुशी पापड़ाहुडुम गांव निवासी रमेश महतो और उनकी 42 वर्षीय पत्नी सिंधु वाला देवी के रूप में हुई है।

स्थानीय लोगों के अनुसार, पति-पत्नी अपने रिश्तेदार के यहां बारेंदा कुल्याणटांड़ में आयोजित पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद दोनों बाइक से लौट रहे थे। इसी दौरान देवानसारणा के पास पीछे से आ रहे तेज रफ्तार हाइवा ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी जोरदार थी कि सिंधु वाला देवी की मौके पर ही मौत हो गई। रमेश महतो गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही मृतकों के परिजन और आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। आक्रोशित लोगों ने दोनों शवों को सड़क पर रखकर सिल्ली-रांगामाटी मुख्य मार्ग जाम कर दिया। इससे सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और आवागमन बाधित हो गया।

ग्रामीण पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने और हादसे के लिए जिम्मेदार हाइवा चालक को गिरफ्तार करने की मांग की। सूचना मिलने पर सोनाहातू थाना पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाकर जाम हटाने का प्रयास शुरू किया। पुलिस ने हाइवा को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

--आईएएनएस

एसएनसी/एसके