×

रांची में आरएसएस कार्यालय पर हमला: पुलिस ने चार लोगों को लिया हिरासत में, जांच तेज

 

रांची, 18 जून (आईएएनएस)। रांची के निवारणपुर स्थित राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के प्रांतीय कार्यालय पर पेट्रोल बम से हमले के मामले में पुलिस ने जांच तेज करते हुए अब तक चार लोगों को हिरासत में लिया है। इनमें घटना में प्रयुक्त वाहन का चालक और दो हमलावर भी शामिल हैं।

पुलिस उनसे पूछताछ कर घटना के पीछे की साजिश के पहलुओं की पड़ताल कर रही है। यह हमला मंगलवार-बुधवार की दरमियानी रात हुआ था। यह घटना सीसीटीवी में रिकॉर्ड हो गई थी। हमलावर एक किराए की कार से आए थे। पुलिस ने सबसे पहले कार चालक को हिरासत में लिया। इसके बाद ट्रेन से दिल्ली भाग रहे दो हमलावरों को बिहार के एक स्टेशन पर ट्रैप किया गया।

झारखंड की डीजीपी तदाशा मिश्रा के निर्देश पर घटना की जांच के लिए एसआईटी गठित की गई है, जिसने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और अन्य सूचनाओं के आधार पर शहर के अलग-अलग इलाकों में छापेमारी की है।

इस बीच बुधवार को एनआईए की टीम ने भी मौके का मुआयना किया था। सूत्रों का कहना है कि प्रारंभिक पूछताछ में कुछ महत्वपूर्ण जानकारियां पुलिस को मिली हैं, जिसके आधार पर जांच का दायरा बढ़ाया गया है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि घटना में शामिल लोगों की भूमिका क्या थी और इसके पीछे कोई संगठित योजना या अन्य कारण तो नहीं थे।

सीसीटीवी फुटेज में दो युवक आरएसएस कार्यालय परिसर को निशाना बनाते हुए पेट्रोल बम फेंकते हुए दिखे थे। एक पेट्रोल बम परिसर के निकट फटा था, जबकि दूसरा निष्क्रिय हो गया। एफएसएल और डॉग स्क्वॉड की टीमों ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया है।

इस बीच सुरक्षा के मद्देनजर आरएसएस कार्यालय और आसपास के इलाके में पुलिस की निगरानी बढ़ा दी गई है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद मामले से जुड़े तथ्यों की विस्तृत जानकारी साझा की जाएगी।

--आईएएनएस

एसएनसी/एसके