×

रांची में दो नाबालिगों से सामूहिक दुष्कर्म का आरोप, पांच हिरासत में, तीन मुख्य आरोपियों की तलाश तेज

 

रांची, 13 जुलाई (आईएएनएस)। झारखंड की राजधानी रांची के तुपुदाना थाना क्षेत्र स्थित स्मार्ट सिटी इलाके में दो नाबालिग लड़कियों से कथित रूप से सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। घटना के बाद पुलिस ने पांच युवकों को हिरासत में लिया है, जिनमें तीन नाबालिग और दो बालिग शामिल हैं। हालांकि, पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि सामूहिक दुष्कर्म की मुख्य वारदात को अंजाम देने वाले तीन अन्य युवक फरार हैं। उनकी पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने विशेष जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, देर रात नियमित गश्त के दौरान तुपुदाना क्षेत्र के एक सुनसान स्थान पर पांच युवकों के साथ दो नाबालिग लड़कियां संदिग्ध परिस्थिति में मिलीं। सभी को पूछताछ के लिए तुपुदाना ओपी लाया गया। परिजनों की मौजूदगी में पूछताछ के दौरान दोनों लड़कियों ने आरोप लगाया कि स्मार्ट सिटी क्षेत्र में तीन युवकों ने उनके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया और बाद में फरार हो गए। पीड़िताओं के बयान के आधार पर पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की।

प्रारंभिक पूछताछ में यह बात सामने आई कि हिरासत में लिए गए पांचों युवक कथित घटना के बाद पीड़िताओं के संपर्क में आए थे। पुलिस उनकी भूमिका की भी जांच कर रही है कि क्या वे घटना के बाद किसी तरह आरोपियों की मदद करने, पीड़िताओं को बहला-फुसलाकर ले जाने अथवा साक्ष्य प्रभावित करने में शामिल थे। उनकी संलिप्तता की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस सोमवार को पीड़िताओं का चिकित्सीय परीक्षण कराया जाएगा।

हटिया डीएसपी के नेतृत्व में पुलिस टीम स्मार्ट सिटी क्षेत्र और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। तकनीकी साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और फरार तीनों मुख्य आरोपियों की पहचान के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह अत्यंत संवेदनशील मामला है और जांच के दायरे में आने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। दोषियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने और पीड़िताओं को न्याय दिलाने के लिए हर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

--आईएएनएस

एसएनसी/पीएम