रांची में बाइक लूट कांड में चार आरोपी गिरफ्तार, पिस्टल और लूटी गई बाइक बरामद
रांची, 15 जुलाई (आईएएनएस)। रांची पुलिस ने दशमफॉल थाना क्षेत्र में हुई बाइक लूट की घटना का 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक अवैध पिस्टल, एक जिंदा कारतूस और लूटी गई मोटरसाइकिल बरामद की है। पुलिस सभी आरोपियों से पूछताछ कर रही है। पुलिस के अनुसार, मंगलवार को दशमफॉल थाना क्षेत्र में एक ग्रामीण से हथियार के बल पर उसकी मोटरसाइकिल लूट ली गई थी।
घटना के बाद पीड़ित की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। शुरुआती जांच और तकनीकी सूचना के आधार पर पुलिस को पता चला कि आरोपी लूटी गई बाइक लेकर खूंटी की ओर भागने की फिराक में हैं। सूचना मिलते ही दशमफॉल थाना पुलिस ने पूरे इलाके में नाकेबंदी कर सघन वाहन जांच अभियान शुरू किया। संदिग्धों की तलाश के दौरान पुलिस ने पहले एक आरोपी को हिरासत में लिया।
पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर तीन अन्य आरोपियों की पहचान हुई और पुलिस ने घेराबंदी कर उन्हें भी दबोच लिया। करीब दो घंटे तक चले अभियान के बाद चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। तलाशी के दौरान उनके पास से हथियार और लूटी गई मोटरसाइकिल बरामद की गई। प्रारंभिक पूछताछ में पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आरोपी किसी संगठित गिरोह से जुड़े हैं या नहीं।
साथ ही, यह भी जांच की जा रही है कि उनका अन्य लूट, छिनतई या हथियार संबंधी मामलों में कोई आपराधिक रिकॉर्ड है या नहीं। पुलिस आसपास के थानों से भी आरोपियों का आपराधिक ब्योरा जुटा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
--आईएएनएस
एसएनसी/पीएम