रांची में 693 विद्यार्थियों को मिली निःशुल्क साइकिल, मंत्री बोले- हर बच्चे तक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पहुंचाना लक्ष्य
रांची, 29 जून (आईएएनएस)। झारखंड सरकार की निःशुल्क साइकिल वितरण योजना के तहत सोमवार को रांची में 10 सरकारी विद्यालयों के 693 छात्र-छात्राओं के बीच साइकिलें वितरित की गईं। कल्याण मंत्री चमरा लिंडा ने जगन्नाथपुर स्थित टीवीएस सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस परिसर में आयोजित कार्यक्रम में विद्यार्थियों को साइकिलें सौंपीं।
इस मौके पर मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य हर छात्र-छात्रा तक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि आर्थिक या भौगोलिक कारणों से किसी भी बच्चे की पढ़ाई बाधित नहीं होनी चाहिए। विद्यालय की दूरी के कारण पढ़ाई छोड़ने की समस्या को कम करने में साइकिल वितरण योजना महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
उन्होंने कहा कि सरकार स्कूली शिक्षा के साथ-साथ उच्च शिक्षा के अवसर भी बढ़ा रही है। मेडिकल और इंजीनियरिंग जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए विद्यार्थियों को कोटा के प्रतिष्ठित संस्थानों, जैसे मोशन एजुकेशन, से जोड़कर विशेष कोचिंग उपलब्ध कराई जा रही है, ताकि राज्य के छात्र राष्ट्रीय स्तर की प्रतिस्पर्धाओं में बेहतर प्रदर्शन कर सकें।
मंत्री ने विद्यार्थियों से पूरी लगन और अनुशासन के साथ पढ़ाई करने तथा अपने जीवन का स्पष्ट लक्ष्य तय कर उसे हासिल करने के लिए निरंतर प्रयास करने का आह्वान किया। अनुसूचित जनजाति, अनुसूचित जाति, अल्पसंख्यक एवं पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग की ओर से संचालित इस योजना के तहत सरकारी विद्यालयों में कक्षा आठ में अध्ययनरत विद्यार्थियों को निःशुल्क साइकिल उपलब्ध कराई जाती है।
योजना का उद्देश्य दूरदराज के क्षेत्रों के विद्यार्थियों के लिए विद्यालय तक पहुंच आसान बनाना और ड्रॉपआउट दर में कमी लाना है। अधिकारियों के अनुसार, रांची जिले में वर्ष 2026-27 के दौरान कुल 16,780 विद्यार्थियों को निःशुल्क साइकिल उपलब्ध कराने की स्वीकृति दी गई है।
कार्यक्रम में समेकित जनजाति विकास अभिकरण (आईटीडीए) रांची की परियोजना निदेशक मनीषा तिर्की, जिला शिक्षा पदाधिकारी विनय कुमार, प्रखंड कल्याण पर्यवेक्षक एनुल हक, तथा विद्यालय के प्राचार्य और अन्य अधिकारी मौजूद थे।
--आईएएनएस
एसएनसी/डीकेपी