×

रांची: मारपीट में घायल युवक की इलाज के दौरान मौत, परिजनों ने डोरंडा थाने का घेराव कर किया हंगामा

 

रांची, 28 मई (आईएएनएस)। रांची के डोरंडा थाना क्षेत्र में मारपीट में घायल युवक की इलाज के दौरान मौत के बाद गुरुवार को परिजनों और स्थानीय लोगों ने जमकर विरोध प्रदर्शन किया। आक्रोशित लोगों ने शव को थाना के सामने रखकर सड़क जाम कर दी और आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की।

मृतक की पहचान मणिटोला निवासी मो. तनवीर अंसारी के रूप में हुई है। वह बीते मंगलवार को हुई मारपीट की घटना में गंभीर रूप से घायल हो गया था। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद गुस्साए परिजन रिम्स से शव लेकर डोरंडा थाना पहुंचे और थाना का घेराव कर प्रदर्शन शुरू कर दिया।

इस दौरान थाना के सामने मुख्य सड़क पर यातायात भी प्रभावित रहा। प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि पुलिस ने घटना के बाद समय रहते आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं की, जिसके कारण आरोपियों के हौसले बढ़े। परिजनों ने मामले में नामजद आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी और पीड़ित परिवार को मुआवजा देने की मांग की।

पुलिस में दर्ज प्राथमिकी के अनुसार, डोरंडा थाना क्षेत्र के मणिटोला, फिरदौस नगर निवासी मो. जावेद, रिजवान और गोल्डन उर्फ इजाज पर तनवीर अंसारी पर जानलेवा हमला करने का आरोप लगाया गया है। शिकायत के मुताबिक, मंगलवार को हिन्दुस्तान चौक के पास आरोपियों ने तनवीर की गाड़ी रोककर लोहे की रॉड से उसके सिर पर हमला कर दिया था। हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गया था और उसके सिर में करीब 40 टांके लगे थे।

घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायल तनवीर को पहले डोरंडा अस्पताल ले जाया गया। बाद में उसे सदर अस्पताल और फिर रिम्स रेफर किया गया। बेहतर इलाज के लिए बाद में उसे कोकर स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

मृतक की पत्नी खतीजा खातून ने डोरंडा थाना में प्राथमिकी दर्ज कराते हुए आरोप लगाया है कि आरोपियों ने परिवार को जान से मारने की धमकी भी दी थी। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच जारी है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।

--आईएएनएस

एसएनसी/डीकेपी