☰
×

रांची के दुर्गा पूजा पंडालों में कहीं नरेंद्र मोदी की झांकी तो कहीं लालू-राबड़ी की प्रतिमाएं

 

रांची, 18 अक्टूबर (आईएएनएस)। झारखंड की राजधानी रांची में दुर्गा पूजा के दौरान इस बार कुछ पंडालों में धार्मिक प्रसंगों के साथ समकालीन राजनीति से जुड़ी हस्तियों की प्रतिमाएं और तस्वीरें भी देखने को मिल रही हैं। कहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की द्वारका यात्रा से जुड़ी तस्वीरें प्रदर्शित की गई हैं, तो कहीं बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव, राबड़ी देवी और उनके परिवार के सदस्यों की आदमकद प्रतिमाएं स्थापित की गई हैं।

इन प्रस्तुतियों के जरिए पूजा समितियों ने धार्मिक आयोजन में समकालीन घटनाओं और सामाजिक संदेशों को भी जगह दी है। रांची के मेन रोड पर अल्बर्ट एक्का चौक और सर्जना चौक के बीच चंद्रशेखर आजाद दुर्गा पूजा समिति ने गुजरात के प्रसिद्ध द्वारिकाधीश मंदिर और द्वारका नगरी की थीम पर पंडाल तैयार किया है। इसकी सजावट में भगवान श्रीकृष्ण की नगरी से जुड़े धार्मिक और ऐतिहासिक प्रसंगों को दर्शाया गया है।

पंडाल में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तस्वीरें भी लगाई गई हैं। ये तस्वीरें फरवरी 2024 में गुजरात यात्रा के दौरान समुद्र में स्कूबा डाइविंग कर प्राचीन जलमग्न द्वारका के दर्शन करने और वहां प्रार्थना करने से संबंधित हैं। दूसरी ओर, नामकुम रेलवे स्टेशन के पास जय माता दी नवयुवक दुर्गा पूजा समिति ने जयपुर के हवा महल की तर्ज पर पंडाल बनाया है।

यहां मां दुर्गा की प्रतिमा के साथ लालू प्रसाद यादव, राबड़ी देवी, तेजस्वी यादव और तेज प्रताप यादव की आदमकद मिट्टी की प्रतिमाएं स्थापित की गई हैं। झारखंड के छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो की प्रतिमा भी यहां लगाई गई है। समिति के अध्यक्ष विनोद सिंह यादव के अनुसार, लालू प्रसाद यादव और राबड़ी देवी की प्रतिमाओं को नवरात्र का व्रत करते हुए दिखाया गया है।

वहीं, तेजस्वी और तेज प्रताप यादव की प्रतिमाओं के माध्यम से परिवार में आपसी प्रेम, एकजुटता और भाईचारे का संदेश देने का प्रयास किया गया है। इसके लिए भगवान राम और लक्ष्मण के संबंधों का उदाहरण भी प्रस्तुत किया गया है।

--आईएएनएस

एसएनसी/पीएम