रांचीः देवेंद्र महतो की भूख हड़ताल 11वें दिन भी जारी, अस्पताल प्रबंधन से कहा- मुझे यहां से मुक्त कर सत्याग्रह स्थल जाने दें
रांची, 12 अगस्त (आईएएनएस)। झारखंड में जेपीएससी और जेएसएससी की भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के खिलाफ आंदोलन कर रहे छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो ने बुधवार को सदर अस्पताल प्रशासन से जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम स्थित सत्याग्रह स्थल जाने की अनुमति मांगी। उन्होंने सिविल सर्जन को आवेदन देकर कहा कि अस्पताल में उपचार के बावजूद उनकी अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल 11वें दिन भी जारी है।
महतो ने अपने आवेदन में कहा कि वह 10 अगस्त को विधानसभा घेराव के दौरान पुलिस कार्रवाई के बाद एम्बुलेंस से सदर अस्पताल लाए गए थे और फिलहाल उपचाराधीन हैं। उन्होंने कहा कि अस्पताल में रहते हुए भी उनका आंदोलन और भूख हड़ताल जारी है।
उन्होंने कहा कि झारखंड के हजारों छात्र और युवा अपने भविष्य, अधिकार और न्याय के लिए जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में सत्याग्रह कर रहे हैं। ऐसे समय में आंदोलन स्थल से दूर रहना उनके लिए मानसिक रूप से पीड़ादायक है।
महतो ने कहा, ‘मेरा शरीर अस्पताल में उपचाराधीन है, लेकिन मेरी आत्मा और संकल्प उन छात्र-छात्राओं के बीच है, जो अपने भविष्य के लिए संघर्ष कर रहे हैं।’ उन्होंने चिकित्सा अधिकारियों से मानवीय आधार पर उन्हें आंदोलन स्थल जाने की अनुमति देने का अनुरोध किया। उन्होंने आवेदन में भरोसा दिलाया कि आंदोलन स्थल जाने की अनुमति मिलने पर वह चिकित्सकों की ओर से दिए गए सभी आवश्यक निर्देशों और सावधानियों का पालन करेंगे।
महतो ने कहा कि जेपीएससी-जेएसएससी में कथित अनियमितताओं के खिलाफ उनका ‘भ्रष्टाचार मुक्त भर्ती अभियान’ पांच जुलाई से जारी है। उन्होंने कहा कि उनका संघर्ष तब तक जारी रहेगा, जब तक उन्हें ‘संपूर्ण न्याय’ नहीं मिल जाता।
बता दें कि 10 अगस्त को छात्रों ने अपनी मांगों को लेकर विधानसभा घेराव का प्रयास किया था। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच टकराव हुआ था। पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करने के लिए वाटर कैनन और आंसू गैस का इस्तेमाल किया था तथा बाद में लाठीचार्ज भी हुआ था। महतो समेत कई छात्रों के घायल होने की बात सामने आई थी। इसके बाद महतो को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
--आईएएनएस
एसएनसी/एएमटी