'रामायण' में शूर्पणखा बनने के लिए रकुल प्रीत को रोज लगते थे चार घंटे, बीटीएस पल किए शेयर
मुंबई, 6 नवंबर (आईएएनएस)। इन दिनों फिल्म 'रामायण' को लेकर भी दर्शकों के बीच काफी चर्चा है। फिल्म में शूर्पणखा का किरदार निभा रहीं अभिनेत्री रकुल प्रीत सिंह ने अब अपने इस सफर की कुछ खास झलकियां साझा की हैं। उन्होंने सोशल मीडिया पर बिहाइंड द सीन्स (बीटीएस) तस्वीरें और वीडियो पोस्ट किए हैं, जिनमें वह अपने किरदार की तैयारी करती, मेकअप करवाती और शूटिंग के दौरान नजर आ रही हैं।
रकुल ने इंस्टाग्राम पर शेयर किए गए इस पोस्ट के जरिए बताया कि वह काफी समय से इस किरदार को निभाने का अनुभव फैंस के साथ साझा करना चाहती थीं। पोस्ट में उनके शूर्पणखा के लुक की तैयारी से लेकर सेट पर शूटिंग तक के कई पल देखने को मिल रहे हैं। इनमें मेकअप और हेयरस्टाइल टीम के साथ बिताया गया समय भी शामिल है।
रकुल ने पोस्ट के कैप्शन में लिखा, "मैं 'रामायण' में शूर्पणखा का किरदार निभाने का अनुभव साझा करने का इंतजार कर रही थी। यह मेरे लिए बेहद खास सफर रहा है। ऐसा हर बार नहीं होता कि आपको ऐसी कहानी का हिस्सा बनने का मौका मिले, जो पीढ़ियों से हमारी जिंदगी और संस्कृति का हिस्सा रही है। 'रामायण' को इतने बड़े स्तर पर पर्दे पर जीवंत होते देखना वाकई एक अलग अनुभव है। ऐसी कहानी का हिस्सा बनना, जो हमारे देश के लिए इतना मायने रखती है और उसे इतने बड़े स्तर पर आकार लेते देखना, इस सफर को मेरे लिए और भी खास बनाता है।''
उन्होंने आगे लिखा, ''नमित मल्होत्रा और नितेश तिवारी का शुक्रिया, जो दूर की सोच रखने वाले ऐसे लोग हैं, जिन्होंने बड़ा सपना देखा और उसे हकीकत में बदला। उनकी मेहनत और भारत से पूरी दुनिया तक कुछ असाधारण बनाने की इच्छा इस सफर को बेहद प्रेरणादायक बनाती है। रणबीर कपूर, साई पल्लवी, यश, रवि दुबे, काजल अग्रवाल, शोभना और पूरी स्टारकास्ट व क्रू का भी शुक्रिया। आप सभी शानदार सह-कलाकार रहे और इस जादू को पर्दे पर उतारने के लिए सभी ने अपनी पूरी मेहनत लगा दी।''
कैप्शन में रकुल ने आगे लिखा, ''मेरी हेयर, मेकअप और कॉस्ट्यूम टीम के लिए खास तौर पर शुक्रिया। उन्होंने मेरा लुक तैयार किया। मुझे रोजाना चार घंटे तैयार करने में उनकी रचनात्मकता और मेहनत शामिल है। मेरी तारीफ का असली श्रेय उन्हीं को जाता है। मैं इस बात के लिए आभारी हूं और उत्साहित भी कि दर्शक इस फिल्म को देखेंगे। यह सिर्फ एक फिल्म नहीं है, बल्कि ऐसा पल है, जो मुझे भारतीय होने पर गर्व महसूस कराता है।''
फिल्म 'रामायण' का निर्देशन नितेश तिवारी ने किया है। इसके निर्माता नमित मल्होत्रा हैं। इस फिल्म को भारतीय महाकाव्य रामायण पर आधारित एक बड़े सिनेमाई प्रोजेक्ट के तौर पर तैयार किया गया है। फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम की भूमिका में नजर आ रहे हैं, जबकि साई पल्लवी माता सीता का किरदार निभा रही हैं। अभिनेता यश रावण की भूमिका में दिखाई दे रहे हैं।
इसके अलावा रवि दुबे फिल्म में लक्ष्मण और रकुल प्रीत सिंह शूर्पणखा के किरदार में हैं। अभिनेत्री काजल अग्रवाल और दिग्गज अभिनेत्री शोभना भी इस फिल्म की स्टारकास्ट का हिस्सा हैं।
--आईएएनएस
पीके/एबीएम